- पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया गया योगदान
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: नगर के सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कालेज में भाऊराव देवरस एवं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती बड़े हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाई गई।
बृहस्पतिवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वन्दना व भाऊराव देवरस तथा रानी लक्ष्मीबाई के चित्र के सम्मुख पुष्पार्चन से हुआ। मुख्य अतिथि आचार्य सोमदत्त आर्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाऊराव देवरस व रानी लक्ष्मीबाई के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए मातृभूमि की वन्दना को एवं उस दिशा में कार्य करने वाले महापुरुषों के जीवन चरित्र को अनुकरणीय बताया।
मुख्य वक्ता आचार्य नीटू कश्यप ने भाऊराव देवरस के बारे में बताते हुए कहा कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष कार्यकर्ता थे। उन्होंने ही उप्र में संघ कार्य को प्रत्येक जनपद में दृढ़ करने का कार्य किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य आनन्द प्रसाद ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों के साथ लोहा लेकर अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने अमूल्य बलिदान से प्रत्येक भारतवासी को ऋणी बना दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रीतम सिंह ने किया।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य मलूक चन्द, मोहर सिंह, पवन कुमार, प्रमोद कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार, अशोक कुमार, अंकुर कुमार, योगेन्द्र सैनी, महेन्द्र सिंह, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार, अंकित भार्गव आदि आचार्य उपस्थित रहे।
लक्ष्मीबाई और इंदिरा की जयंती मनाई
श्री सत्यनारायण इंटर कालेज में महान स्वतन्त्रता सेनानी झांसी की रानी लक्ष्मीबाई तथा भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। सर्वप्रथम प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा जी पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि भारत की भूमि वीर महिलाओं से परिपूर्ण रही है। वर्तमान में इंदिरा गांधी और स्वतन्त्रता आन्दोलन के समय झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने अपने अद्वितीय कार्यों और पराक्रम से इतिहास में अपना स्थान बनाया है। बालिकाओं को उनसे प्रेरणा लेकर अपने आप को शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार से मजबूत बनाना चाहिए।
इस अवसर पर सतीश आत्रेय, घनश्याम शर्मा, अनिल कश्यप, शिव कुमार, रामनाथ, अश्वनी कुमार, अरविन्द जैन, महेश नारायण गौड, घनश्याम वशिष्ठ, अक्षय जिन्दल, छवि शर्मा, लक्ष्मी गर्ग, नीतू अग्रवाल, सारिका गर्ग, मनोज कुमार शर्मा, सोनिया सिंघल, साकेत निर्वाल, राहुल सिंघल, सचिन संगल, फूल कुमार, अमित ऐरन, मोहित मित्तल, लोकेश वर्मा, गोपाल आदि स्टाफ उपस्थित रहा।

