जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय को सोमवार को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था अपने हाथ में ले ली।
एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वायड, एंटी सेबोटाज चेक टीम और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। सुरक्षा टीमों ने डीएम कार्यालय भवन, सभी कमरों और आसपास के इलाकों में कई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लिया गया है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है।
फिलहाल डीएम कार्यालय में स्थिति सामान्य है। सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। ई-मेल भेजने वाले के खिलाफ जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम के कई स्कूलों को भी मिली बम धमकी
वहीं, गुरुग्राम में भी कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-4 स्थित ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल, एमिटी समेत 5 से 6 स्कूलों को धमकी भरे संदेश मिले। सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों ने स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान चलाया।
एहतियात के तौर पर बच्चों को स्कूलों से वापस घर भेज दिया गया। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।

