- सांसद के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की मुलाकात
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: लोकसभा सांसद हाजी फजलुर्रहमान के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह से मुलाकात की और रात्रि कर्फ्यू में व्यापारी वर्ग व रमजान माह का ध्यान रखते हुए समय में बदलाव करने को कहा। सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि जनपद सहारनपुर की सीमाओं के अन्तर्गत स्थित समस्त नगरीय क्षेत्रों (यथा नगर निगम सहारनपुर, नगर पालिका देवबंद, नकुड़, गंगोह, सरसावा, नगर पंचायत छुटमलपुर, बेहट, चिलकाना, अंबेहटा, तीतरों, रामपुर मनिहारान व नानौता क्षेत्र में) अन्य प्रतिबन्धों के साथ दिनांक 09.04.2021 से दिनांक 16.04.2021 तक रात्रि 09:00 बजे से प्रात: 06:00 बजे तक के लिए रात्रिकालीन आवागमन एवं संव्यवहार तत्काल प्रभाव से प्रतिबन्धित किए जाने के आदेश निर्गत किये गये हैं।
सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि इस आदेश के कारण व्यापारी वर्ग प्रभावित हो रहा है तथा इस सम्बन्ध में अनेक व्यापारी संगठन रात्रि कर्फ्यू के समय में बदलाव करने की मांग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त दिनांक 13/04/2021 से पवित्र रमजान माह प्रारंभ हो रहा है। इस्लाम धर्म के अनुयायी रमजान माह में रात्रि 09:00 बजे की नमाज के बाद तरावीह की नमाज पढ़ते हैं, जिसमें 2 घन्टे का समय लग जाता है। इस्लाम समुदाय के सभी लोग शासन की नीतियों का पालन करने के लिये जनहित में प्रतिबद्ध हैं।
सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने है कि व्यापारियों व मुस्लिम समाज के रमजान माह को ध्यान में रखते हुए जनपद सहारनपुर के नगरीय क्षेत्रों में रात्रि कर्फ्यू का समय रत में 11:00 बजे से प्रात: 06:00 बजे तक किया जाये जिससे मुसलिम समाज के लोग धार्मिक रूप से लाभान्वित होंगे, तथा व्यापारी वर्ग भी लाभान्वित होगा जो जनहित में भी है। इस दौरान जामिया मजाहिर उलूम के उप प्रबन्धक मुफ्ती सुआलेह, आॅल इण्डिया मिल्ली काउंसिल जिलाध्य्क्ष मौलाना अब्दुल मालिक मुगीसी, मदरसा मजाहिर उलूम वक्फ के मौलाना अहमद माजहिरी, नायब शहर काजी नदीम अख्तर, उत्तर प्रदेश व्यापर मण्डल के अध्यक्ष राधेश्याम नारंग, जामा मस्जिद के प्रबन्धक मौलाना फरीद मजाहिरी, जमीअत उलमा हिन्द के नगर महासचिव मौलाना साजिद, जमीअत उलमा हिन्द के जिलाध्यक्ष मौलाना जहूर कासमी, मौलाना अफजल, मौलाना शाहिद प्रबन्धक जामिया फलाहे दारेन, सय्यद हस्सान आदि उपस्थित रहे।

