- पुलिस ने कई युवकों को चेतावनी देकर छोड़ा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर में पुलिस की सरपरस्ती में चल रहे स्ट्रीट बार के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। मंगलवार को जहां 115 शराबियों को पकड़ कर निजी मुचलकों पर छोड़ा गया था, आज फिर पुलिस ने शराबियों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने लालकुर्ती क्षेत्र में सड़क पर शराब पी रहे कुछ युवकों को पकड़ा।

पुलिस को देखकर कुछ युवक फरार हो गए। बाकी लोगों को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि शराबियों के खिलाफ अभियान दूसरे दिन भी चलाया गया। लालकुर्ती पुलिस ने वीरजी चाप वाले और इंडाना के पास कार की बोनट पर बोतल रख कर शराब पी रहे युवको को पकड़ा। तभी कुछ युवक भाग खड़े हुए। पुलिस ने चेतावनी देकर पांच युवकों को छोड़ दिया।
दारोगा भर्ती परीक्षा में मुन्ना भाई पकड़ा
सिविल लाइन पुलिस ने दारोगा भर्ती सीधी परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा अभियुक्त कपिल कुमार पुत्र बिजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम जहांगीरपुर, पोस्ट चकफेरी जिला मुरादाबाद को उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2020 में अनुचित साधनों का प्रयोग करना तथा अभियुक्त अनुराग कुमार प्रबन्धक शुभ कम्प्यूटर जनपद कानपुर द्वारा कपिल कुमार को अपने अपने परीक्षा केन्द्र पर सफलता प्राप्त कराने हेतु सक्रिय मदद करते हुए अनुचित साधनों का प्रयोग करने के संबंध में धारा 420, 467, 468, 471, 120बी, 34 भादवि व धारा 10 उप्र सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम सिविल लाईन मेरठ पर पंजीकृत कराया गया था । जिसमें थाना सिविल लाईन पुलिस द्वारा अभियुक्त कपिल कुमार पुत्र बिजेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया गया । अभियुक्त कपिल कुमार के कब्जे से एक अदद मोबाईल रैडमी 7 रंग नीला व अंंक पत्र व प्रमाणपत्र आदि बरामद किये गए हैं।
विक्टोरिया पार्क अग्निकांड में सीएमओ पेश हुए
विक्टोरिया पार्क अग्निकांड में बुधवार को सीएमओ अखिलेश मोहन सहकर्मियों के साथ न्यायालय में उपस्थित हुए और उन्होंने विक्टोरिया पार्क अग्निकांड से संबंधित हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि जिनका इलाज हुआ है। उनके मेडिकल सर्टिफिकेट्स बनाए जाएंगे। वहीं, विक्टोरिया पार्क अग्निकांड में जिन लोगों की मृत्यु हो गई थी। उनके परिवार के सदस्यों ने न्यायालय में पहुंचकर परफॉर्मा व जानकारी प्राप्त की।

