- कोरोना गाइडलाइन का किया जा रहा पालन
- परीक्षा से आधा घंटे पहले बच्चों को दिया जा रहा परीक्षा केन्द्र में प्रवेश
जनवाणी संवाददाता
मुजफ्फरनगर: सीबीएसई बोर्ड ने 10वीं कक्षा के लिए अंग्रेजी की परीक्षा बुधवार 27 अप्रैल को आयोजित की गई। सीबीएसई की इस परीक्षा में जनपद के सभी स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। सुबह 10.30 बजे शुरू हुई, यह परीक्षा 2 घंटे चली। अंग्रेजी की यह 40 अंकों की है। इसमें तीन खंड, रीडिंग राईटिंग, व्याकरण और साहित्य हैं।
गौरतलब है कि एक और सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। वहीं दूसरी ओर देश में अब कोरोना के मामले भी बढ़ने लगे हैं। इसी को देखते हुए सीबीएसई ने सभी परीक्षा केंद्रों के अंदर कोरोना रोधी नियमों के पालन का सख्त निर्देश जारी किया है। इन निर्देशों के मुताबिक किसी भी परीक्षा केंद्र के एक हॉल के अंदर 18 से अधिक छात्रों को नहीं बिठाया जाएगा।
ऐसा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए किया जा रहा है। इसके अलावा छात्रों के बैठने का तरीका भी इस प्रकार से रखा जा रहा है ताकि 2 छात्रों के बीच में अधिकतम दूरी रखी जा सके। वहीं परीक्षा देने आ रहे छात्रों समेत सभी लोगों के लिए परीक्षा केंद्र में मास्क पहनना अनिवार्य रखा गया है। बोर्ड परीक्षा केंद्र में बिना फेस मास्क किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है।

सीबीएसई ने छात्रों को भी स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे परीक्षा केंद्र में अपने साथ सैनिटाइजर भी लेकर पहुंचे। छात्रों को परीक्षा से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना है। सीबीएसई के निर्देशों में साफ साफ कहा गया है कि 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए छात्र अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंच रहे हैं।
दरअसल यह नियम इसलिए तय किया गया है ताकि छात्र आधे घंटे के अंतराल में धीरे-धीरे परीक्षा केंद्रों में पहुंचते रहें। इससे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर भीड़ नहीं लगेगी और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जा सकेगा।

