- गौ संरक्षण केंद्रों पर हो अच्छी व्यवस्था, खुले नहीं रहने चाहिए गोवंश
- चीनी मिलों से जल्द कराया जाएगा गन्ना भुगतान, किसानों को न हो परेशानी
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को विभागों की एक बैठक आयोजित की गई। ऊर्जा सचिव एवं शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी ने कहा कि कोल्ड चैन कक्ष को सीसीटीवी की निगरानी में रखा जाए और वहां साफ सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए।
साथ ही चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान कराने के निर्देश दिए और इसके लिए किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गोसंरक्षण केन्द्रों में गोवंश के लिए अच्छी व्यवस्था करने व खुले में गोवंश को न रखने के आदेश दिए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए ऊर्जा सचिव एवं शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एम देवराज ने कहा कि जनपद में सभी गौ संरक्षण केंद्रों पर अच्छी से अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए कोई भी गोवंश खुले में नहीं रहना चाहिए। अस्थाई, स्थाई गौशाला में त्रिपाल अवश्य लगा होना चाहिए।
उन्होंने कहा पशुओं के लिए अच्छा चारा खल-चोकर की व्यवस्था साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कोई गोवंश सर्दी में सड़कों पर तो नहीं घूम रहा है और वैक्सीनेशन के साथ ईयर टैगिंग अवश्य की जाए। उन्होंने दुधारू गोवंश की लिस्ट बनाए जाने के प्रति गौशाला निर्देश दिए।

निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई संबंधित व गन्ना भुगतान संबंधित कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए कि बागपत के किसानों का जनपद की व अन्य जनपद की शुगर मिलों में गन्ना जाता है उनके साथ बैठक कर जल्द से जल्द किसानों का भुगतान कराया जाए।
उन्होंने जनपद में स्थापित कोविड-19 वैक्सीन की कोल्ड चैन संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए कि सभी सीएचसी पर कोल्ड चैन स्थापित होनी चाहिए। डी फ्रीजर हो और कोल्ड चैन कक्ष का साफ-स्वच्छ होना चाहिए उसकी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा अवश्य स्थापित किया जाए।
रोस्टर के अनुसार उसमें ड्यूटी लगाई जाए जनरेटर की अच्छी कनेक्टिविटी होनी चाहिए। इस अवसर पर डीएम शकुन्तला गौतम, एसपी अभिषेक सिंह, सीडीओ अभिराम त्रिवेदी, एडीएम अमित कुमार सिंह, डीडीओ हुबलाल, सीएमओ डा. आरके टंडन, एएसपी मनीष मिश्रा, उपकृषि निदेशक प्रशांत कुमार, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार, डीपीआरओ कुमार अमरेन्द्र आदि मौजूद रहे।

कोल्ड चेन कक्ष, धान व गन्ना क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण
नोडल अधिकारी एम देवराज ने कोविड-19 वैक्सीन कोल्ड चैन कक्ष का निरीक्षण किया और साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था को दिखा जो सही पाया गया। जनपद में कोविड डी फ्रीजर, 18 आईअलआर स्थापित है। जनपद में दो लाख 56000 सीरिंज आए हैं।
उसके बाद धान क्रय केंद्र बागपत, खेकड़ा का भी निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने नमी मापी यंत्र देखा मौके पर बोर्ड लगा हुआ मिला। बागपत धान क्रय केंद्र पर 26 नवंबर 2020 को 24 कुंतल 15 किलो ग्राम धान की तौल हुई। नोडल अधिकारी ने गन्ना क्रय केंद्र सांकरौद का निरीक्षण किया, जिसमें सभी मानक पूर्ण पाए गए। नोडल अधिकारी ने कोविड 19 एल-1 व एल-2 अस्पताल खेकड़ा का निरीक्षण किया।
उन्होंने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से मरीजों से वार्ता की ओर स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया, जिसमें मरीजों ने बताया कि डॉक्टर समय से आ रहे हैं खाना पीना अच्छा दिया जा रहा है साफ सफाई बहुत अच्छी है। नोडल अधिकारी ने निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल बावली का भी निरीक्षण किया, जिसमें 144 गोवंश है। उन्होंने भुसा गोदाम देखा। हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था है।

