जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: चंडीगढ़ में कई स्कूलों को बम धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं। धमकी की सूची में चितकारा स्कूल, स्ट्रॉबेरी स्कूल और डीपीएस स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं और सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
धमकी भरे ईमेल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का नाम भी शामिल था। ईमेल में लिखा गया कि स्कूलों में सुबह 1:11 बजे और मुख्यमंत्री सैनी के कार्यालय में 3:11 बजे धमाके होंगे। इसके अलावा, 6 जून तक अंबाला से दिल्ली तक रेलवे ट्रैक पर भी धमाके होने की चेतावनी दी गई थी।
ईमेल में चंडीगढ़ को खालिस्तान बनाने की साजिश का भी जिक्र था। साथ ही, इसमें कहा गया कि “हमारा बच्चों से कोई बैर नहीं है।” धमकी के अंत में “खालिस्तान नेशनल आर्मी” का नाम लिखा था, और ईमेल उसी व्यक्ति के नाम से भेजा गया था जिसने पहले भी धमकी भरे मेल भेजे थे।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ईमेल किस आईडी से भेजे गए, इसकी जांच जारी है। साइबर सेल की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि इससे पहले भी शहर के कुछ शिक्षण संस्थानों को इसी तरह के ईमेल मिल चुके हैं, जिनमें कोई विस्फोटक नहीं पाया गया।
इस बार भी लगातार स्कूलों और सरकारी संस्थानों में धमकी मिलने से लोगों में डर और चिंता बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि यह अब रोजमर्रा की समस्या बनती जा रही है, और इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन और केंद्र सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

