जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी के लिए नई इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) पॉलिसी 2026 को कैबिनेट से मंजूरी दे दी है। अब इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए उपराज्यपाल के पास भेजा गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार का लक्ष्य नई ईवी पॉलिसी को 1 जुलाई 2026 से लागू करना है। इस नीति के लागू होने के बाद दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना के अनुसार 1 जनवरी 2027 से केवल इलेक्ट्रिक ऑटो ही दिल्ली में पंजीकृत किए जाएंगे। इसके बाद अप्रैल 2028 से राजधानी में सिर्फ इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का ही रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इस तरह धीरे-धीरे पेट्रोल और डीजल वाहनों पर निर्भरता कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी ईवी पॉलिसी 30 जून को समाप्त हो रही है। इसके बाद नई नीति को लागू करने की तैयारी की जा रही है। सोमवार को ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स ने नई ईवी पॉलिसी का प्रस्तुतीकरण मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने किया, जिसके बाद इसे कैबिनेट ने मंजूरी दे दी।
नई ईवी पॉलिसी के जरिए दिल्ली सरकार का उद्देश्य प्रदूषण कम करना, इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देना और राजधानी को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाना है।

