- व्यापारी अड़े पांच मीटर के रास्ते पर, दिल्ली चुंगी से ईरा माल के सामने तक बनेगी दीवारें
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रैपिड के लिये बन रही अंडरग्राउंड टनल में ट्रेन के घुसने के लिये बनाई जा रही सुरंग के प्रवेश द्वार की सुरक्षा के हिसाब से खड़ी की जा रही दोनों तरफ की दीवारों को लेकर शारदा रोड से लेकर मस्जिद तक की सड़क का एक हिस्सा रैपिड के हिस्से में आ रही है।
इसको लेकर व्यापारी आंदोलन कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें पांच मीटर की सड़क चाहिये लेकिन रैपिड उनको सिर्फ तीन से साढ़े तीन मीटर सड़क देने के लिये राजी हो रही है। शनिवार को रैपिड के अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता समेत तमाम पदाधिकारियों की वार्ता हुई।
दिल्ली चुंगी दिल्ली रोड पर आरआरटीएस के अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, यातायात पुलिस तथा व्यापार संघ के पदाधिकारियों ,व्यापारियों की संयुक्त रूप से दिल्ली रोड शारदा रोड पर यातायात व्यवस्था बनाए जाने हेतु मौके पर पहुंचकर वार्ता हुई। व्यापारियों ने कहा कि अगर शारदा रोड से मस्जिद तक का हिस्सा बंद कर दिया जाएगा तो व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। इस पर तय किया गया कि शारदा रोड को वन वे कर दिया जाएगा।
शारदा रोड से मस्जिद तक करीब दो सौ मीटर की सड़क को साढ़े तीन मीटर की बनाकर दी जाएगी। हालांकि व्यापारियों का कहना था कि पांच मीटर कर सड़क दी जाए। इस पर रैपिड के अधिकारियों ने कहा कि कोशिश करेंगे कि ज्यादा से ज्यादा सड़क दी जा सके। वार्ता के दौरान व्यापारी नेता विपुल सिंघल ने सड़क अवरुद्ध करने से पहले यातायात हेतु बनाए जा रहे मार्ग को पूर्ण करने तथा

2 दिन तक सुचारू वैकल्पिक व्यवस्था चलाकर ठीक पाए जाने पर ही मार्ग को अवरुद्ध कर यातायात को चलने की बात कही। शारदा रोड पर आरआरटीएस द्वारा 11.5 तथा 440 केवी की लाइन को शिफ्ट करने का अभी तक कोई विकल्प नहीं निकाला गया।वहां मौजूद आरआरटीएस के अधिकारियों से बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकर लाइन को शिफ्ट करने की बात कही। शारदा रोड के निकट बने पेट्रोल पंप के आगे बने शनिदेव के मंदिर तथा पीपल के पेड़ से अवरुद्ध हो रहे मार्ग को किस तरह से वैकल्पिक तौर पर सुचारू रूप से यातायात के लिए खोला जा सकता है इस पर भी प्रश्न चिन्ह रहा।
सभी व्यापारी व अधिकारी यहां पर वार्ता करने के पश्चात बीको इलेक्ट्रिकल्स के भवन में जाकर आई हुए दरारों को देखा तथा आरआरटीएस के अधिकारियों से वार्ता कर कहा गया कि इस शोरूम के आगे जो भी कार्य हो एतिहाद रख कर किया जाए ताकि किसी भी भवन में कोई नुकसान ना पहुंचे। इस मौके पर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गौरव शर्मा की यातायात इंस्पेक्टर के साथ झड़प हुई जिसको सभी व्यापारी ने मिलकर शांत कराया। इस मौके पर व्यापारी नेता विपुल सिंघल, गौरव शर्मा ,सतीश चंद जैन, नवीन गुप्ता ,लल्लू मक्कड़, अपार मेहरा, विकास गिरधर, राकेश लोहिया, संजय जैन सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

