जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: सुबह से ही छाए घने कोहरे ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कोहरे का असर इतना गहरा रहा कि दृश्यता बेहद कम हो गई। हालात यह रहे कि दिल्ली–देहरादून हाईवे पर सुबह करीब 10 बजे तक वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कम दृश्यता के चलते हाईवे पर रफ्तार थम गई और वाहन रेंगते नजर आए।
कोहरे के साथ सर्दी ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने ठिठुरन बढ़ा दी, जिससे सुबह के समय घर से निकलना मुश्किल हो गया। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में मौसम के फिर से करवट लेने की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश के आसार बने हुए हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, कम गति में चलने और फॉग लाइट का उपयोग करने की अपील की है। कोहरे और बदलते मौसम के चलते आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

