- ग्राम इस्लामपुर घसौली में दो पक्ष हुए आमने-सामने, तनाव
- पुलिस ने आंबेडकर प्रतिमा कब्जे में ले चार हिरासत में लिए
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में देव स्थानों को उखाड़ कर उनके स्थान पर बाबा साहब डा. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम कैराना सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बाबा साहब की प्रतिमा को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। गांव में सुरक्षा की दृष्टि के चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में संजीव कुमार के द्वारा ग्राम पंचायत की सरकारी भूमि पर अपने देवस्थान बना रखे हैं। गांव का ही वकील चंद पुत्र सूंडा सरकारी भूमि पर देवस्थान बनाने का विरोध कर रहा था। आरोप है कि शनिवार की रात्रि में वकील चंद ने अपने परिवार के गुलाबी, गुरदास, सतेंद्र, विशाल और रविंद्र के साथ मिलकर सरकारी भूमि पर बनाए गए देवस्थान को उखाड़ कर बाबा साहब डा. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा को स्थापित कर दिया। रविवार की सुबह जैसे ही संजीव पक्ष को जानकारी हुई कि उनके देवस्थान को उखाड़ कर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कर दी गई, तो संजीव पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचें।
इसी बीच सूचना पर एएसपी ओपी सिंह, सीओ कैराना अमरदीप मौर्य, एसडीएम कैराना शिवकुमार यादव, नायब तहसीलदार गौरव कुमार भी मौके पर पहुंच गए। राजस्व विभाग की टीम के द्वारा देवस्थान भूमि की जांच की गई तो उक्त भूमि ग्राम पंचायत की भूमि पाई गई। ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने बाबा साहब डा. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। वहीं पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस मामले में एएसपी ओपी सिंह का कहना है कि गांव का माहौल खराब करने वालों पर नजर रखी जा रही है। खुराफात करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

