जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: कांवड़ यात्रा-2025 के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर रात्रिभोज का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला में गुरुवार रात थाना कुतुबशेर परिसर में भी रात्रिभोज का आयोजन किया गया।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सहायक पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी प्रथम, द्वितीय, यातायात, थाना प्रभारी कुतुबशेर तथा चौकी प्रभारियों ने थाने के बीट आरक्षियों के साथ एक टेबल पर बैठकर भोजन किया।रात्रिभोज के दौरान अधिकारियों ने बीट प्रणाली, सी-प्लान और टीम वर्क के तहत बेहतर पुलिसिंग पर बल देते हुए समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिकारियों द्वारा आरक्षियों को टीम भावना को और अधिक मजबूत करते हुए आमजन से सीधे जुड़कर कार्य करने के निर्देश दिए गए।इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने अपने अनुभव भी साझा किए और बीट स्तर पर पुलिस-जनसंपर्क को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

