- कांवड़ियों के आने से ट्रैफिक डायवर्जन में परिवर्तन
- एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से मेरठ आने पर रोक
- एक्सप्रेस-वे के सभी कट बंद, रूट डायवर्ट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली रोड पर कांवड़ियों के आने से ट्रैफिक व्यवस्था धड़ाम हो गई है। उम्मीद की जा रही थी कि 22 जुलाई के बाद पुलिस सख्ती दिखाएगी, लेकिन इस बार कांवड़ियों की संख्या ज्यादा होने के कारण गुरुवार से दिल्ली रोड पर वन वे कर दिया गया। इससे शाम पांच बजे के बाद भीषण जाम लग गया। वहीं, गाजियाबाद प्रशासन ने मेरठ एक्सप्रेस वे पर दिल्ली से मेरठ आने वाले वाहनों पर रोक लगा दी है।
ट्रैफिक पुलिस ने परतापुर से लेकर बेगमपुल दोनों तरफ यातायात खोला हुआ था। उस वक्त कांवड़ियों की संख्या काफी कम थी। जब से कांवड़ शिविर लगने शुरू हुए तो कांवड़ियों ने रुकना शुरू कर दिया। इस कारण एक साइड का ट्रैफिक रोक दिया गया है। वहीं दो कांवड़ियों की मौत ने प्रशासन को चौकन्ना कर दिया और पूरी सड़क को वन कर दिया गया।
दिल्ली रोड पर रेपिड के काम के कारण पहले से ही सड़क की चौड़ाई कम कर दी गई है ऐसे में एक साइड पर वाहनों का प्रेशर ज्यादा होने से भीषण जाम लगना शुरू हो गया है। शाम के बाद जब हालत बिगड़ी तो ट्रैफिक पुलिस की टीम ने लोगों को निकालना शुरू किया।
दिल्ली से आने वाले वाहनों पर रोक
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर कांवड यात्रा के चलते प्रशासन ने दिल्ली से मेरठ की ओर आने वाले वाहनों पर गुरुवार से रोक लगा दी। उनके लिए एक्सप्रेस वे के सभी कट बंद कर रूट डायवर्ट कर दिया। मेरठ से दिल्ली जाने वाले वाहन पूर्व की तरहा चलते रहेंगे। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर पहले 24 जुलाई से तीन दिन के लिए वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया था,

लेकिन कांवड यात्रा को सकुशल कराने के लिए एहतियातन गाजियाबाद प्रशासन ने एक्सप्रेस वे पर दिल्ली से मेरठ आने वाले वाहनों को रोक दिया। गुरुवार को एलएचएस साइड का काशी टोलप्लाजा खाली पड़ा रहा। सिर्फ मेरठ से वाहन दिल्ली जाते रहे। पाथ इंडिया के मैनेजर कैलाश चंद का कहना है कि एनएचएआई व पाथ इंडिया की और से कोई आदेश एक्सप्रेस वे के बंद के लिए नहीं आए हैं गाजियाबाद जिला प्रशासन के निर्णय पर दिल्ली से मेरठ आने वाले वाहनों पर रोक लगाई गई है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस वे स्थित काशी टोलप्लाजा पर किसी भी कांवड़िए से टोल वसूली नहीं की जा रही।
इस तरह रहेगा मेरठ का यातायात प्लान
- शहर के अंदर से यूनिवर्सिटी रोड होते हुए टैंक चौराहे से कंकरखेड़ा निकलेंगे। उसके बाद एनएच-58 पर चढ़कर मोदीनगर से मुरादनगर होते हुए गाजियाबाद से दिल्ली निकल सकते हैं। यह मार्ग वन-वे है। इसी मार्ग से दिल्ली से मेरठ आ सकते है।
- शहर के अंदर से यूनिवर्सिटी रोड होते हुए टैंक चौराहे से कंकरखेड़ा निकलेंगे। उसके बाद एनएच-58 पर चढ़कर परतापुर इंटरचेंज से एक्सप्रेस-वे पर चढ़कर गाजियाबाद और दिल्ली जा सकते है। इस मार्ग पर हल्के वाहनों का संचालन जारी है।
- शहर के अंदर से तेजगढ़ी पर पहुंचने के बाद एल ब्लाक चौकी से हापुड़ रोड पर पहुंचेंगे। हापुड़ से डासना होते हुए गाजियाबाद और दिल्ली निकल सकते हैं। इसी मार्ग से मेरठ भी आ सकते हैं। इस मार्ग पर हल्के वाहनों का संचालन जारी है।
- शहर के अंदर से तेजगढ़ी और फिर एल ब्लाक चौकी से हापुड़ रोड पर पहुंचेंगे। बिजली बंबा बाइपास से शॉप्रिक्स चौराहा वहां से परतापुर बाइपास पहुंचेंगे। वहां से एक्सप्रेस-वे या हाईवे से होकर दिल्ली जा सकते हैं।

