जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नगर कोतवाली क्षेत्र में बीती रात जोगियान पुल स्थित एसबीआई बैंक के सामने किराए के विवाद में ई-रिक्शा चालक शाहिद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, रसूलपुर की दानिश कॉलोनी निवासी शाहिद के ई-रिक्शा में रामपुर मनिहारान के फतेहशाह मस्जिद मोहल्ला निवासी दिलशाद पुत्र इलियास बेहट बस अड्डे से जोगियान पुल जाने के लिए सवार हुआ था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने शराब पी रखी थी।
किराए को लेकर हुए विवाद में उसने गुस्से में शाहिद के दिल के पास चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शाहिद को पार्षद प्रतिनिधि नदीम अंसारी और स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शाहिद अविवाहित था और परिवार में मां, एक बहन तथा एक भाई हैं। मामले की जांच जारी है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़िए दैनिक जनवाणी।

