- पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: राजू हलवाई हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को गांव मुबारिकपुर में कश्यप समाज के लोगों की एक पंचायत हुई। पंचायत में हत्याकांड़ का शीघ्र खुलासा करने व मृतक की पत्नी को योग्यता के अनुसार नौकरी दिए जाने व मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई।
पंचायत को संबोधित करते पूर्व मंत्री सुधाकर कश्यप ने हत्याकांंड पर शोक व्यक्त किया और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में जंगल राज कायम है और अपराध चरम पर है। बहन बेटियां घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि लखनऊ के तिवरी हत्याकांड में पीड़ित परिवार को तत्काल 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा कर दी जाती है।

हापुड़ के पिलखुआ के ठाकुर हत्याकांड में मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन अति पिछड़ा वर्ग के लोगों की ऐसे मामले उपेक्षा की जाती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मृतक की पत्नी को योग्यता के अनुसार नौकरी देने व मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।
इसके अलावा हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मुकदमें की पैरोकारी कर रहे मृतक के भाई सुनील को मुकदमे का निर्णय आने तक सरकारी व्यय पर सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मृतक के पुत्र को कृषि पट्टा आवंटित करने की भी पंचायत में मांग की गई। इस संबंध में नायब तहसीलदार को एक ज्ञापन भी दिया गया। पंचायत में सुरेश चंद कश्यप, मुकेश कश्यप, सुभाष कश्यप, सुमित, हीरा कश्यप, सोनू, सुनील, अंकित, राजकुमार, प्रदीप व सुरेंद्र कश्यप आदि मौजूद थे।

