- भाकियू अंबावता से जुड़े किसानों ने दिया धरना, एसडीएम का घेराव किया
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील में प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी। समस्याओं का निराकरण होने पर तहसील प्रांगण में धरना दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर का घेराव किया। किसानों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
भाकियू अंबावता के जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाह आलम के नेतृत्व में किसान एकत्रित होकर सदर तहसील पहुंचे। किसानों ने प्रदर्शन करते हुए सदर तहसील प्रांगण में धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद तहसील सदर एसडीम कार्यालय में तालाबंदी की गई। एसडीएम सदर परमानंद झा प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि किसान परेशान हैं, उनकी समस्याओं का हल नहीं हो रहा। राजस्व विभाग को मामले से अवगत कराया गया था। लेकिन समस्याओं का संज्ञान नहीं लिया गया। एसडीएम सदर ने किसानों की समस्याओं को सुनकर शांति पूर्वक निराकरण का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि जो समस्याएं डीएम स्तर की थी उनका निराकरण डीएम से कराने का आश्वासन दिया गया। भारतीय किसान यूनियन अंबावता कार्यकर्ताओं ने तहसील सदर में धरना देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरोध में नारेबाजी की। कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा का राज चल रहा है लेकिन समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा।

