जनवाणी संवाददाता |
किठौर: गोविंदपुर-शकरपुर में बीती रात मासूम बेटे सहित विषैली कोल्डड्रिंक पीने वाले पिता ने भी देररात में मेडिकल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र की एकसाथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामें के बाद शव को मोर्चरी भेज दिया है।
परीक्षितगढ़ के रहदरा निवासी कपिलदेव पुत्र चरण सिंह ने शुक्रवार देरशाम पत्नी काजल से विवाद के बाद अपनी ससुराल किठौर के गोविंदपुर-शकरपुर में चार वर्षीय बेटे कृष्णा के साथ जहरीली कोल्डड्रिंक का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर काजल के परिजन पिता-पुत्र को किठौर के लोकप्रिय अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने बेटे को मृत घोषित कर पिता को गंभीरावस्था में मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेटे कृष्णा को पोस्टमार्टम को भेज दिया था। इस मामले में काजल के पिता हरिकिशन ने कपिलदेव पर बेटे को जहरीली कोल्डड्रिंक पिलाकर खुद भी पी लेने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। बहरहाल, देररात मेडिकल में उपचार के दौरान कपिलदेव ने भी दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र की एकसाथ मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जाएगी।

