जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर/देवबंद: थाना क्षेत्र के गांव निहालखेड़ी में शनिवार को एक महिला का शव उसके घर में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस और थाना पुलिस की कुल पांच टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 38 वर्षीय रीना पत्नी अर्जुन कश्यप के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पांच टीमें कर रहीं जांच : एसपी ग्रामीण
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि निहालखेड़ी गांव से महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। फील्ड यूनिट से साक्ष्य संकलित कराए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस और थाना पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं, जो सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है।

