- रायपुर रोड पर प्रतिष्ठानों व गांवों में किया सैनिटाइजर का छिड़काव
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: फायर स्टेशन नजीबाबाद के अग्निशमन कर्मचारियों की ओर से नजीबाबाद-रायपुर रोड पर विभिन्न संस्थानों एवं गांवों में सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। साथ ही लोगों से सरकार की ओर से कोविड-19 को लेकर जारी की गयी गाइडलाइन का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
शुक्रवार को फायर स्टेशन नजीबाबाद के प्रभारी केएस जादौन के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने नजीबाबाद-रायपुर रोड पर नजीबाबाद सर्विस स्टेशन, भारत गैस एजेंसी, ग्राम गढ़मलपुर, ग्राम किशनपुर, पुलिस चौकी रायपुर रोड थाना कोतवाली नजीबाबाद, खालसा फार्म पर पहुंचकर सैनिटाइजेशन का कार्य किया।
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने लोगों से कोविड-19 को लेकर सरकार की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अतिआवश्यक कार्य होने पर ही घरों से निकलने, एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाए रखने, हाथों को साबुन से धोने अथवा सैनिटाइजर से साफ रखने और मास्क लगाने की भी अपील की।
अग्निशमन विभाग की ओर से सैनिटाइजेशन करने वाली टीम में राजू सागर, योगेश कुमार, जयपाल सिंह, वेदप्रकाश, नदीम खान, विजेन्द्र कुमार आदि शामिल रहे।

