- रविवार की रात मुंबई से मिजार्पुर थाने लेकर पहुंची थी पुलिस
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: पूर्व एमएलसी व खनन माफिया हाजी इकबाल के भाई पूर्व एमएलसी महमूद अली को पुलिस मुंबई से गिरफ्तारी के बाद रविवार देर रात सहारनपुर आ गई। सोमवार को महमूद को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने महमूद अली को रिमांड लेने के लिए कोर्ट में पत्र भी दाखिल किया है। इससे पूर्व महमूद अली से पूछताछ भी की गई है। महमूद पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है।
बता दें कि महमूद अली पर थाना मिर्जापुर में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। ताजा मामला युवती से दुष्कर्म का था। पुलिस ने इस मामले में महमूद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। महमूद को पुलिस ने पिछले दिनों नवी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। रविवार रात उसे थाना मिर्जापुर लाया गया। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को महमूद को कोर्ट में पेश किया। यहां से सीधे उसे जेल भेज दिया गया।
खनन माफिया और पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल के छोटे भाई पूर्व बसपा एमएलसी महमूद अली पर धोखधड़ी, जालसाजी समेत विभिन्न मामले जनपद के कई थानों में दर्ज हैं। वह पोक्सो एक्ट के एक मामले में भी वांछित चल रहा था। उधर, कोर्ट में भी महमूद अली की रिमांड के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। पुलिस को कोर्ट से महमूद अली की रिमांड मिल सकती है। पुलिस ने रात में महमूद अली से पूछताछ की , जिसमें कई अहम बातें भी सामने आई हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
वहीं, पुलिस ने हाजी इकबाल की तलाश भी तेज कर दी है। पुलिस टीमों ने लखनऊ, नोएडा, दिल्ली, देहरादून सहित अनेक ठिकानों पर हाजी इकबाल की गिरफ्तारी को दबिश दी है। महमूद अली से पूछताछ के बाद कई अहम बातें सामने आईं हैं। इसके साथ ही हाजी इकबाल और महमूद अली से जुड़े कई लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। इसको लेकर हाजी इकबाल और महमूद अली के कारिंदों में हड़कंप मचा हुआ है।
हाजी इकबाल के तीन पुत्र भी हैं जेल में
दो दिन पहले ही पुलिस की ओर से हाजी इकबाल और महमूद अली पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। हाजी इकबाल के तीन पुत्रों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। इसके साथ ही दो माह के अंदर 21 करोड़ की बेनामी संपत्ति कुर्क की गई और न्यू भगत सिंह कॉलोनी में हाजी इकबाल की तीन कोठियों पर भी प्रशासन का बुलडोजर चल चुका है। महमूद अली और हाजी इकबाल पर 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। हाजी इकबाल की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई चल रही है। प्रशासन बेनामी संपत्ति तो कुर्क कर चुका है। अब मिजार्पुर क्षेत्र में स्थित हाजी इकबाल की ग्लोकल यूनिवर्सिटी को कब्जे में लेने की भी तैयारी की जा रही है।

