जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने नीट परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द होने पर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबसे ज्यादा पेपर लीक उन्हीं राज्यों में हुए हैं, जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है।
केजरीवाल ने कहा, “मैं देश की जेन-जीन से सीधे बात करने आया हूँ। मेरी बात ध्यान से सुनिए। 2017, 2021 और 2024 में पेपर लीक हुए। हर बार जांच के लिए सीबीआई को सौंपा गया, लेकिन क्या सीबीआई ने कोई कार्रवाई की? इस बार भी सीबीआई को जांच सौंपी गई है, लेकिन क्या वह सच में कार्रवाई करेगी? आखिर सीबीआई उन्हीं लोगों को रिपोर्ट करती है, जो देश में पेपर लीक कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जब से मोदी सरकार आई है, अब तक कुल 93 पेपर लीक हो चुके हैं। करीब 6 करोड़ युवाओं का भविष्य इन पेपरों पर टिका हुआ था। इससे सवाल उठना लाजमी है। क्या इनके नेता पेपर लीक करवा रहे हैं? अगर नेपाल और बांग्लादेश की जेन-जीन सरकार बदल सकती है, तो क्या हमारे देश की जेन-जीन पेपर लीक कराने वाले मंत्रियों को जेल नहीं भेज सकती? अगर हम पेपर लीक रोकना चाहते हैं, तो हमारी जेन-जीन को ही आंदोलन करना होगा।”
युवाओं को सड़कों पर उतरना होगा
केजरीवाल ने कहा, “सालों से नीट के पेपर लीक हो रहे हैं और हम केवल सिस्टम को दोष देते हुए आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन सिस्टम अपने आप नहीं चलता, इसके पीछे लोग हैं। उन्हें पहचानना होगा, पकड़ना होगा और जेल भेजना होगा। इसके लिए युवाओं को सड़कों पर उतरना ही पड़ेगा।”

