जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: झारखंड के दुमका में फिर एक लड़की को पेट्रोल डालकर जलाने की खबर आई है। एक शादीशुदा युवक उससे जबर्दस्ती दूसरी शादी करना चाहता था, परिजनों के इनकार के बाद उसने युवती की हत्या का प्रयास किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जरमुंडी के डीएसपी शिवेंदर ने बताया कि लड़की को गंभीर रूप से झुलसी हालत में इलाज के लिए रांची भेजा गया है। घटना जरमुंडी प्रखंड के भालकी गांव में हुई। आरोपी राजेश राउत ने नानी के साथ सो रही 19 साल की मारुति कुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवती 70 फीसदी झुलस गई है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात युवती अपनी नानी के साथ सो रही थी। तभी आरोपी राजेश उनके घर में घुस गया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से घबराए परिजन उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, वहां से उसे रांची भेज दिया गया। युवती ने बयान में कहा है कि राजेश राउत ने घर में घुसकर उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। वह उससे जबर्दस्ती शादी करना चाहता है।
डीएसपी शिवेंदर ने बताया कि आरोपी राजेश राउत पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ का रहने वाला है। इसी साल राजेश राउत की दूसरी लड़की से शादी हुई थी। इसके बाद भी वह घायल युवती पर शादी का दबाव बना रहा था।
Jharkhand | A girl was set ablaze in Dumka; accused arrested
She has been referred to Ranchi. The boy was known to the girl. The accused is already married and wanted to marry the victim. The parents (of girl) were not ready for the marriage. Probe on: Shivender, DSP, Jarmundi pic.twitter.com/AZKitYr7EA
— ANI (@ANI) October 7, 2022
युवती भालकी गांव में मामा के घर में रहकर स्नातक की तैयारी कर रही थी। 2021 में उसकी मुलाकात आरोपी राजेश से हुई थी। इसके बाद वह उससे दूसरी शादी करना चाहता था। युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए, इससे खफा होकर उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।

