- पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: मोदीपुरम स्थित सुपरटेक कॉलोनी के निर्माणाधीन टावर से बुधवार देर रात एक युवती की गिरकर मौत हो गई। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे लोगों ने युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, परंतु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो पल्लवपुरम फेज वन निवासी के रूप में हुई।
पल्लवपुरम फेज वन की विजेता अपार्टमेंट निवासी वर्तिका पुत्री जितेंद्र बुधवार को लगभग सात बजे स्कूटी पर सवार होकर सुपरटेक कॉलोनी के निर्माणाधीन टावर पहुंची। युवती को यहां तैनात गार्ड ने रोकने का प्रयास किया, परंतु युवती जबरन टावर पर चढ़ गई। कुछ देर बाद ही युवती नीचे आकर गिरी।
जिस पर वहां मौजूद लोगों वहां पहुंचे और आनन-फानन में उसे मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया।

जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अखिलेश नारायण व सीओ दौराला संजीव दीक्षित व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती की स्कूटी में से मिले कागजों पर लिखे एक नम्बर के आधार पर उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण का कहना है कि युवती के आत्महत्या के कारणों के पीछे प्रथम दृष्यता शादी की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में जुटी है।
शादी की बात से नाराज थी युवती
युवती के कागजों पर लिखा नम्बर उसके पिता जितेंद्र का था। पुलिस ने फोन कर जब जानकारी ली तो पिता ने बताया कि परिजनों ने युवती से शादी की बात की थी। परंतु वह शादी के लिए राजी नहीं थी। वर्तिका अभी सीए की पढ़ाई कर रही है और आगे भी पढ़ाई जारी रखने की बात कह रही थी।
परिजनों के शादी का दबाव बनाने पर वह शाम साढ़े पांच बजे घर से नाराज होकर चली गई। तभी से परिजन उसे ढूंढने में लगे हुए थे। वर्तिका ने सुपरटेक कॉलोनी के निर्माणाधीन टावर की 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
गार्ड ने रोका, पर नहीं रुकी युवती
निर्माणाधीन टावर की ओर जा रही वर्तिका को कॉलोनी के बाहर तैनात गार्ड ने रोकने का प्रयास किया, परंतु वर्तिका जबरन स्कूटी लेकर अंदर घुस गई। थोड़ी ही देर बाद युवती नीचे आकर गिरी, जिसके बाद वहां लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने गार्ड से भी इस मामले में पूछताछ की।

