जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बार एसोसिएशन व जिला बार एसोसिएशन की एक संयुक्त बैठक बुधवार को पूर्व अध्यक्षगण व महामंत्रीगण के साथ पंडित नानकचंद सभागार के ऊपर पुस्तकालय में आहुत की गई।
जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष महावीर सिंह त्यागी व संचालन महामंत्री सचिन चौधरी ने किया। सभा में ओमकार तोमर की आत्महत्या प्रकरण में विधायक सहित किसी भी आरोपी की अब तक गिरफ्तारी न होने पर व पुलिस प्रशासन ने अभी तक गुमराह करने पर रोष प्रकट किया और सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर सिंह त्यागी ने बताया कि एक मार्च को केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश की एक आवश्यक बैठक आंदोलन की तीव्र बनाने के लिए बुलाई गई है। इसके साथ इस प्रकरण के संबंध में बार काउंसिल आॅफ उत्तर प्रदेश के चेयरमैन से अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अनुरोध किया जाएगा।
इसके साथ गुरुवार और शुक्रवार को सभी अधिवक्तागण न्यायिक कार्य और रजिस्ट्री कार्यालय में विरोध स्वरूप न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। मेरठ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता चौधरी धीर सिंह बार एसोसिएशन के प्रस्ताव का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर उनकी दोनों बार एसोसिएशन की सदस्यता तत्काल रूप से समाप्त कर दी है।
शुक्रवार को बार एसोसिएशन में आम सभा आहुत की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। सभा मे पूर्व अध्यक्ष चौधरी नरेंद्रपाल सिंह, गजेंद्रपाल सिंह, एमपी शर्मा, जीएस धामा, अजय त्यागी, उदयवीर सिंह राणा, अनिल बक्शी, राजेन्द्र सिंह जानी,मांगेराम, रविन्द्र कुमार सिंह, पूर्व महामंत्री अनिल जगाला, कुंवरपाल शर्मा, मुकेश मित्तल, मुकेश वालिया, संजय शर्मा, प्रबोध शर्मा, देवकीनंदन शर्मा, सुधीर पंवार सहित तमाम वकील मौजूद रहे।

आत्महत्या मामले में झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप
अधिवक्ता ओमकार निवासी गंगानगर व संजय मोतला निवासी दौराला आत्महत्या मामले में पुलिस पर झूठा फंसाने व परिजनों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए गुर्जर महासभा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह दो परिवारों के आपसी विवाद का मामला है। जिसको गलत रंग दिया जा रहा है। एसएसपी से दोनों मामलों में मुकदमा खारिज किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में गुर्जर सभा के अध्यक्ष उदयवीर सिंह, महामंत्री संजीव प्रधान, वेद वृत आर्य, संदीप प्रधान, गौरव प्रधान, रोहताश पहलवान, अजीत भड़ाना, भारतवीर गुर्जर, विनोद चेयरमैन, प्रमेन्द्र चेयरमैन, प्र्रेम प्रमुख, सतबीर प्रधान, प्रमोद सिंह, नितिन प्रधान, कैलाश प्रधान, नरेन्द्र भाटी, गौरव गुर्जर, सतवीर प्रधान, संत शरण प्रधान, दिमाग सिंह प्रधान आदि भी शामिल रहे।

क्रमिक अनशन पांचवें दिन भी जारी
अधिवक्ता ओमकार तोमर की आत्महत्या के बाद से पुलिस प्रशासन ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नही होने पर बुधवार को लगातार पांचवें दिन भी अनशन जारी रहा। बुधवार को अनशन का नेतृत्व धर्म सिंह सत्याल द्वारा किया गया। मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री सचिन चौधरी ने बताया कि गुरुवार को अनशन अशोक पंडित, जगदीश पावटी व गगन राणा के नेतृत्व में किया जाएगा। अनशन में परवेज आलम, एडवोकेट वीरेंद्र वर्मा (काजीपुर), जीपी सलोनिया, सुशील कुमार, दुष्यंत कुमार, राजपाल सिंह, उपेंद्र गौतम, जयप्रकाश, पुष्पेंद्र कुमार, राजेश भल्ला, विनीत जैन, शैलेन्द्र, संजय कटारिया, रेखा त्यागी, विक्रांत त्यागी आदि मौजूद रहे।

