- डीएम ने फीता काटकर लैब और कोर्स का किया शुभारंभ
जनवाणी संवाददाता |
शामली: छात्राओं को स्वावलंबी बनाने के लिए शामली जनसेवा समिति द्वारा चलाए जा रहे कम्पयूटर व इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स की कड़ी में अब एकाउंट और जीएसटी से जुड़े कोर्स भी शामिल किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कम्प्यूटर लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया।
शामली शहर के कनिका कॉम्पलेक्स में संचालित शामली जनसेवा समिति के सैंटर पर मंगलवार को एकाउंट व जीएसटी से जुड़े नए कोर्साे का शुभारंभ करते हुए डीएम जसजीत कौर ने कहा कि इन कोर्सो की शिक्षा ग्रहण करने के बाद रोजगार प्राप्त करने में मदद मिलती है। टैली, जीएसटी के नए कोर्स शुरू किए जाने से छोटे व्यापारियों को अपनी दुकानों पर व्यापार का लेखा जोखा रखने में मदद मिलेगी जिसमें छात्राएं पार्ट टाइम में व्यापारियों का लेखा जोखा रख सकेंगी।
पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने कहा कि शामली में चार प्रकार के सैंटरों को संचालित किया जा रहा है, जिसमें सिलाई व ब्यूटीशियन कोर्स भी शामिल है। उन्होंने बताया कि उक्त सैंटरों पर अब बच्चों को जीएसटी व टैली की शिक्षा प्रदान कर उनको रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे ताकि बेटियां भी आत्मनिर्भर बन सके। शामली जन सेवा समिति द्वारा प्रभुजी की रसोई व अपना घर आश्रम के साथ 85 परिवारों को राशन भी वितरण किया जाता है, जबकि गरीबों के लिए 45 मकान भी बनाए जा चुके है।
इस मौके पर हिन्दू महिला महाविद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू गर्ग, हिन्दू कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्य दीपाली गर्ग, जैन कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या डा. रूचिता ढाका, सूर्यवीर सिंह, प्रदीप कुमार, अजय सिंह, आरजू, राजीव गर्ग, अनिल कुमार, यशपाल पंवार, पवन तायल, नरेन्द्र मित्तल आदि मौजूद रहे।

