जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारान: भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने समस्याओं को लेकर बिजली घर पर एक पंचायत का आयोजन किया। जिसमें किसानों की समस्याओं को लेकर रोष जताया गया। बाद में प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित एक ज्ञापन बिजली विभाग के एक्सईएन को सौंपा।
सोमवार को संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र ग्राम हरपाल के बिजली घर पर एक किसान पंचायत का आयोजन किया गया।
पंचायत में किसानों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह ने कहा कि किसी भी सरकार में किसानों का शोषण नहीं थम सका। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही गन्ना भुगतान का दंश झेल रहे हैं। उस पर सभी विभाग में किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। अब किसान जागरूक हो गया है साथ ही संगठन भी किसानों के लिए संघर्ष को हर समय तैयार है। बाद में किसानों की समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पाँच सूत्रीय ज्ञापन एक्सन बिजली विभाग नकुड़ को सौंपा।
जिसमें बताया कि ग्राम हरपाल में बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे तुरंत बंद कराया जाए। गन्ने का पेराई सत्र चालू हुए एक महीना हो गया है किंतु अभी तक किसानों का पिछला भुगतान भी नही किया गया है जिसका तुरंत भुगतान कराया जाए। इसके अलावा बाजारों में नकली कीटनाशक दवाइया बिक रही है जिससे किसानों को दोहरी मार पड़ रही है। सड़को पर आवारा पशु घूम रहे हैं जिससे आये दिन दुर्घटनाएं होती हैं उनका समाधान कराया जाए। सरकारी दफ्तरों में भ्र्ष्टाचार चरम पर है जिस पर लगाम लगाई जाए।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शेरपाल सिंह ,पुनीत चौधरी युवा जिला अध्यक्ष, शेरपाल राणा जिला उपाध्यक्ष,रविंद्र चौधरी, सिकंदर चौधरी ब्लॉक अध्यक्ष रामपुर ,लोकेश राणा ब्लॉक अध्यक्ष नकुड़,देवेंद्र चौधरी पूर्व ब्लाक अध्यक्ष आदि काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

