- एक माह में कर दिया जायेगा सभी समस्याओं का समाधान
- प्लॉटों के बनाये जा रहे नक्शे जल्द लिया जायेगा निर्णय
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आवास विकास ने किसानों की समस्या का समाधान करने का रास्ता निकाल लिया है। आवास विकास स्कीम 11 में धरना दे रहे किसानों को एक माह में प्लॉट दिये जाने की बात कही है। किसानों का विवाद समाप्त होते ही यहां आवंटियों को भी कब्जा दिला दिया जायेगा। आवास विकास की इस कार्रवाई से किसानों के साथ साथ उन आवंटियों के चेहरों पर भी मुस्कान खिलेगी जो यहां अभी तक कब्जा नहीं ले पाये हैं।
बता दें कि पिछले कई माह से काजीपुर, सरायकाजी के किसान आवास विकास की जागृति विहार स्कीम 11 में अपना बढ़ा हुआ प्रतिकर और प्लॉट की मांग करते आ रहे हैं। इसे लेकर वह यहां धरना भी दे रहे हैं। अभी हाल ही में किसानों ने प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगे पूरी न होने पर आवास विकास को प्लॉटों का ड्रॉ भी नहीं करने दिया।
जिसके चलते आवास विकास को तीन दिवसीय इस कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा जिससे आवंटियों को तो नुकसान हुआ ही साथ ही साथ ही आवास विकास को के अधिकारियों को परेशान होना पड़ा। किसानों ने कहा था कि आवास विकास जब तक उनकी प्लॉट और बढ़े हुए प्रतिकर को देने की मांग को पूरा नहीं करता वह यहां कोई कार्य नहीं होने देंगे। यही हुआ भी लॉटरी आवंटन के दौरान किसानों ने हंगामा किया।
जिसके कारण आवंटियों को भी परेशान होना पड़ा। अब आवास विकास ने किसानों की समस्याओं को जल्द दूर करने की बात कही है अधिकारियों की मानें तो एक माह में किसानों की समस्याओं का समाधान हो जायेगा जिसके बाद यहां तेजी के साथ कार्य होंगे।
नक्शे का कार्य हुआ शुरू
एससी राजीव कुमार ने बताया कि किसानों को प्लॉट देने के मामले में कार्य शुरू हो चुका है। प्लॉटों का नक्शा तैयार किया जा रहा है इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजकर यह प्रस्ताव जल्द पास कराया जायेगा। इसके पास होते ही उन्हें प्लॉट देने शुरू कर दिये जाएंगे। बढ़े हुए प्रतिकर में किसान जो मांग कर रहे हैं वह सही नहीं है।
आवास विकास 100 रुपये के आधार पर बढ़ा हुआ प्रतिकर देने को तैयार है। इसके लेकर योजना तैयार हो चुकी है। जल्द ही सभी मांगों को पूरा किया जायेगा और जो आवंटी इसके कारण परेशान है उनकी भी समस्याओं का समाधान होगा। एक माह में सभी कार्य पूरे हो जाएंगे और योजना में तेजी से विस्तार होगा।

