- कार में चोरी का सामान लेकर बेचने निकले थे आरोपी
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कोतवाली पुलिस ने चोर गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक आल्टो कार, चोरी का लोहा, एल्युमीनियम, फिटिंग पाईप आदि सामान बरामद किया है।
शामली शहर कोतवाली पुलिस ने एसपी सुकीर्ति माधव के निर्देश पर गांव लिलौन नहर पुल से एक आल्टो कार सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई तो कार से बड़ी मात्रा में 5 कुंतल लोहा नट बोल्ट तथा 40 किलोग्राम फिटिंग पाइप एल्यूमीनियम बरामद किया गया।
पूछताछ करने पर पता चला कि युवकों ने दूसरे जिले से इस सामान को चोरी किया है और यहां लाकर बेचने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इसरार पुत्र असगर निवासी ग्राम असारा जनपद बागपत व सूरज पुत्र भूषण निवासी ग्राम खेड़ीकरमू शामली बताए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
गुरुवार को आदर्शमंडी पुलिस व एसओजी टीम ने गांव मुंडेट नहर पटरी से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पकडे गए युवक ने अपना नाम रागिब पुत्र सगीर निवासी मोहल्ला कायस्थबडा किठोर जनपद मेरठ बताया। पूछताछ करने पर पता चला कि वह थाना किठोर जनपद मेरठ से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहा है, जिस पर मेरठ पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया है। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने तमंचा और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए है।

