जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा पुरुष खिलाड़ी रैंकिंग में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी का स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने अपने ही साथी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया।
ICC की ओर से बुधवार को जारी रैंकिंग के अनुसार, ईशान किशन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने पिछले करीब एक साल से नंबर-1 पर काबिज अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया। अब दोनों खिलाड़ियों के बीच केवल सात रेटिंग अंकों का अंतर है।
ईशान किशन की इस उपलब्धि में इस साल खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप का प्रदर्शन अहम रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेली गई उनकी मैच जिताऊ पारी भी इस प्रदर्शन का प्रमुख हिस्सा रही।
इस उपलब्धि के साथ ईशान किशन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नंबर-1 बल्लेबाज बनने वाले भारत के चौथे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गज भी यह मुकाम हासिल कर चुके हैं।
वहीं, ताजा टी20 रैंकिंग में आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर चार स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 77वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि रॉस अडायर छह स्थान की बढ़त के साथ 84वें नंबर पर आ गए हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में आयरलैंड के तेज गेंदबाज मैथ्यू हम्फ्रीज करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल करते हुए 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में भारत के शिवम दुबे तीन स्थान की छलांग लगाकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, आयरलैंड के गैरेथ डेलानी और हैरी टेक्टर ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है।
उधर, टेस्ट बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड पहली बार दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के हैरी ब्रुक को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट में ब्रुक और जो रूट के साधारण प्रदर्शन के बाद ब्रुक दूसरे और रूट तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

