जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर पुलिस ने गुरुवार देर शाम शहर के अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में छापेमारी कर वहां कार्यरत एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया। आरोपी डॉक्टर पर श्रीनगर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर रवाना कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार डॉक्टर का नाम आदिल अहमद राठर पुत्र अब्दुल माजिद, निवासी अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) है। वह पिछले कुछ महीनों से सहारनपुर के अंबाला रोड पर स्थित एक प्रसिद्ध निजी अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत था।
मामला श्रीनगर में दर्ज, CCTV से हुई पहचान
सूत्रों के अनुसार, श्रीनगर के कई इलाकों में कुछ दिन पूर्व जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में भड़काऊ पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें आतंकी संगठन के पक्ष में संदेश लिखे गए थे। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था। श्रीनगर पुलिस ने 28 अक्तूबर को इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मौके के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें एक युवक पोस्टर लगाते हुए दिखाई दिया। तकनीकी जांच में उसकी पहचान डॉक्टर आदिल अहमद राठर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के पैतृक गांव अनंतनाग में उसके परिवार से पूछताछ की और मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से लोकेशन ट्रेस की।
सहारनपुर से की गिरफ्तारी
लोकेशन ट्रैक होने पर श्रीनगर पुलिस की एक टीम सहारनपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस तथा SOG टीम के सहयोग से अंबाला रोड स्थित अस्पताल में दबिश दी। इस दौरान डॉक्टर को हिरासत में लेकर थाना सदर बाजार लाया गया। पुलिस टीम ने एसएसपी आशीष तिवारी से मुलाकात कर गिरफ्तारी से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर पुलिस को सौंप दिया।
स्थानीय पुलिस और इंटेलिजेंस अलर्ट
सूत्रों का कहना है कि सहारनपुर में डॉक्टर आदिल के खिलाफ कोई स्थानीय मुकदमा दर्ज नहीं है। श्रीनगर पुलिस ने अपने केस का विवरण साझा किया है, जिसके तहत आरोपी को पूछताछ के लिए ले जाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डॉ. आदिल पहले दिल्ली रोड स्थित एक बड़े अस्पताल में कार्यरत थे, बाद में उन्होंने अंबाला रोड के अस्पताल में जॉइन किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में 4 अक्टूबर को सहारनपुर की एक महिला डॉक्टर से निकाह किया था।
इस घटना के बाद सहारनपुर पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से आने वाले लोगों की सघन जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, शहर के कई निजी अस्पतालों में कश्मीर मूल के डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ कार्यरत हैं। स्थानीय इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) और पुलिस अब ऐसे लोगों की प्रोफाइल और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है

