- बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से आतंकित कर दिया वारदात को अंजाम
- महिला ने अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिले की पुलिस के विधानसभा चुनाव में ड्यूटी पर जाने से बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए है। शुक्रवार को वेस्ट एंड रोड स्थित एक स्कूल के पास स्कूल में फीस जमा कराने जा रही महिला को बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से अतंकित कर कुंडल लूट लिए। जब महिला ने विरोध किया तो उसकी बदमाशों ने पिटाई कर डाली। महिला की ओर से थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
ढोलकी मोहल्ला की रहने वाली अंशु मित्तल ने बताया कि उसके पति सुधीर मित्तल प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। वह शुक्रवार को बेटी की फीस जमा करने के लिए वेस्ट एंड रोड स्थित एक स्कूल में जा रही थी। जब वह जीटीबी स्कूल स्थित पीएनबी की शाखा में फीस जमा कराने के लिए जा रही थी तो एक बदमाश और उसे चाकू दिखाकर आतंकित कर कुंडल लूटने लगा।
उन्होंने विरोध करते हुए बदमाश के साथ हाथापाई कर नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसका साथी बाइक पर पहुंचा और बदमाश को साथ बैठाकर फरार हो गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और मामले की जानकारी होने पर बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लग सकें।
इसके बाद पीड़िता घर पहुंची और पति को कुंडल लूट की जानकारी दी। इसके बाद दंपति थाने पहुंचा और वारदात के बारे में बताया। थाना प्रभारी देव सिंह रावत ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।

