जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लायन्स क्लब मेरठ भवानी द्वारा आयोजित नेत्र जांच शिविर में बीस जरूरतमंदों को चश्मों का वितरण मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी नीरज मेहरा के करकमलों द्वारा किया गया। कहा कि जिन लोगों को आपरेशन की आवश्यकता होती है उनके आपरेशन लाॅयन्स आई हाॅस्पिटल गाजियाबाद में निःशुल्क कराये जाते हैं जो लायन्स क्लब मेरठ भवानी द्वारा किया जा रहा सराहनीय सेवा कार्य है।
मुख्य अतिथि ने आगे कहा कि हमारी आंखें शरीर का अनमोल हिस्सा हैं इनकी देखभाल करनी चाहिये जरा सा भी देखने में किसी प्रकार की दिक्कत हो तो तुरन्त आंखों की जांच करानी चाहिये जिससे समय रहते उनका उपचार किया जा सके क्योंकि लापरवाही के कारण आंखों की रोशनी तक चली जाती है।
किसी की आंखों की कम होती रोशनी का उपचार कराना बहुत बड़ा सेवा का कार्य है। लायन्स क्लब मेरठ भवानी पूरे वर्ष चलने वाले इस स्थायी सेवा कार्य के द्वारा लोगों की सेवा कर रहा है। मुख्य अतिथि के करकमलों द्वारा बीस जरूरतमंदों को चश्मों का वितरण किया। लायन्स क्लब मेरठ भवानी द्वारा पी एल शर्मा रोड स्थित सुप्रसिद्ध वासुदेवाआप्टिकल्स पर स्मृतिशेष ओम प्रकाश वासुदेवा पूर्व प्रधान भारती योग संस्थान उत्तर प्रदेश की स्मृति में जरूरतमंद लोगों के लिये स्थायी प्रोजेक्ट दृष्टि जांच केन्द्र पर प्रत्येक माह शिविर लगाकर चश्मों का वितरण कर रहा है और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से 1 बजे तक आंखों की जांच के लिये शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लविन्द्र भूषण शर्मा ने बताया कि गत माह में लगभग 100 लोगों की नेत्रों की जांच की गयी जिनमें बीस लोगों की आंखें कमजोर पायी गयीं। इससे पूर्व मुख्य अतिथि का भोले शंकर की माला पहना कर स्वागत किया एवं क्लब की तरफ से एक स्नेह प्रतीक दिया । इस अवसर पर क्लब के रीजन चेयरपर्सन MJF लायन तरुन मेहरा ,अध्यक्ष लायन लविन्दर भूषण शर्मा ,लायन डॉ राजीव वासुदेवा, डॉ आशीष वासुदेवा उपस्थित थे ।

