जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: यूपी के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ईसानगर थाना क्षेत्र में एनएच-730 पर सिसैया के पास तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी टाटा मैजिक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, टाटा मैजिक में करीब 10 लोग सवार थे। टक्कर के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “जनपद लखीमपुर खीरी में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन को घायलों व पीड़ितों को त्वरित व समुचित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

