जनवाणी संवाददाता |
अंबेहटा: तुर्की में ऑपरेशन दोस्त के तहत तैनात भारतीय सेना का चिकित्सा दल स्वदेश लौट आया है। 99 सदस्यों के चिकित्सा दल ने तुर्की में भूकंप प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की। 99 सदस्यों के चिकित्सा दल में नकुड थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले गांव मलकपुर निवासी हवलदार अंकित कुमार पुत्र रमेश भी शामिल थे।
उन्होंने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश अनुसार भूकंप से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की। हवलदार अंकित कुमार ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि 12 दिन तक वह तुर्की में रहे। भूकंप ने वहां पर भयंकर तबाही मचाई है। उन्होंने बताया कि तुर्की पहुँचते ही उन्होंने अपने चिकित्सा दल के साथ मरीजों की सेवा करना शुरू कर दिया था। तुर्की सरकार ने भी उनके चिकित्सा दल की काफी मदद की और स्थानीय लोगों से भी उनके दल को काफी प्यार मिला।
हवलदार अंकित कुमार ने बताया कि उनके चिकित्सा दल का उद्देश्य समय पर उपचार देने के साथ-साथ लोगों के दिल और दिमाग को भी जीतना था। बताते चलें हवलदार अंकित कुमार 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। वह क्लर्क के पद पर इस समय सेना में कार्यरत हैं। 7 फरवरी को 99 सदस्यों के चिकित्सा दल में दिल्ली से वह तुर्की गए थे और 8 फरवरी को सुबह तुर्किए पहुंच गए थे। हवलदार अंकित कुमार की इस समय तैनाती 60 पेरा फिल्ड हॉस्पिटल आगरा उत्तर प्रदेश में है।

