- अलग-अलग स्थानों पर 21 दुकानें सील
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: क्षेत्र में सरधना रोड पर मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर 21 दुकानें सील कर दी। हालांकि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए टीम यहां पहुंची थी, लेकिन दुकान मालिक से बात करने के बाद कार्रवाई रोक दी। जेई संजय वशिष्ठ का कहना है कि 15 दिन बाद पुलिस फोर्स लेकर कई दुकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को मेरठ विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी राजीव कुमार, क्षेत्रीय जेई संजय वशिष्ठ, नोडल अधिकारी नीरज कुमार, मेट ऋषिपाल सिंह, राजकुमार ठाकुर, वीरसिंह व सुधीर कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ कंकरखेड़ा क्षेत्र में सरधना रोड पर पहुंचे। जेई संजय वशिष्ठ ने बताया कि यहां पर एसटीपी प्लांट वाले गड्ढे के निकट मेरठ विकास प्राधिकरण की जमीन पर विजय मारवाड़ी द्वारा दो अवैध रूप से दो दुकानें बना दी गई।
जिसको ध्वस्तीकरण करने के लिए टीम यहां पहुंची थी, लेकिन बाद में दुकानों पर मेरठ विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों द्वारा ताले जड़ दिए गए और सील लगा दी गई। उन्होंने कहा एमडीए द्वारा कार्रवाई युद्ध स्तर पर की जाएगी। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं है और अवैध रूप से कंकरखेड़ा क्षेत्र में निर्माण नहीं करने दिया जाएगा।
इसके बाद टीम सरधना रोड पर नंगलाताशी के सामने जय दुर्गा धर्म कांटा के पीछे सूरज गोयल की दुकानों पर पहुंची। जहां पर 17 दुकान अवैध रूप से बना दी गई है। टीम ने यहां भी सील लगा दी और 15 दिन बाद यहां पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की चेतावनी भी दे दी।
इसके अलावा मेरठ करनाल मार्ग पर ड्रीम सिटी कॉलोनी के पास केपी सिंह और कविता कश्यप की दुकान भी सील कर दी गई। जेई संजय वशिष्ठ का कहना है कि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

