जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में 30 जून को मानसून की दस्तक के बाद तराई और कई अन्य जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि अब मौसम में अस्थायी बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 7 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना कम है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि दक्षिणी यूपी, विंध्य और बुंदेलखंड के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
8 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के मुताबिक, 5 से 7 जुलाई के दौरान मानसूनी गतिविधियां मुख्य रूप से बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र तक सीमित रहेंगी। 8 जुलाई से प्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिसके बाद कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है।
इन जिलों में उमस भरी गर्मी का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के 26 जिलों में उमस भरी गर्मी की चेतावनी जारी की है। इनमें प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत आसपास के इलाके शामिल हैं।
इन जिलों में हुई अच्छी बारिश
शनिवार को फिरोजाबाद के टुंडला में सबसे अधिक 75 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हमीरपुर में 49 मिमी, कानपुर में 39 मिमी और ललितपुर में 33 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। आगरा, चित्रकूट, मऊ समेत कई अन्य जिलों में भी बारिश हुई।
लखनऊ में दो दिन सताएगी उमस
राजधानी लखनऊ में शनिवार तड़के कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर बाद अमौसी, गोमतीनगर, पुराने लखनऊ और कुछ बाहरी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिली। उल्टा नमी बढ़ने से उमस और अधिक महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में अगले दो से तीन दिनों तक उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। 8 जुलाई के बाद मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है।
तापमान में भी बढ़ोतरी
शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे दिन और रात दोनों समय उमस का असर बना रहा।

