नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बच्चों के पासपोर्ट की वैधता को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। अब 15 साल से कम उम्र के बच्चों को जारी किए जाने वाले 36 पन्नों के सामान्य भारतीय पासपोर्ट की वैधता पांच साल या बच्चे के 18 साल की उम्र पूरी होने तक रहेगी। इनमें से जो अवधि पहले पूरी होगी, पासपोर्ट उतने समय तक ही वैध माना जाएगा।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया है। इसके जरिए पासपोर्ट नियम, 1980 में संशोधन किया गया है। नए नियम अधिसूचना के आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से प्रभावी हो गए हैं।
सरकार ने क्या बदला?
संशोधित नियम 12(1ए) के तहत 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी 36 पन्नों वाला साधारण पासपोर्ट जारी होने की तारीख से पांच साल तक या बच्चे के 18 साल की उम्र पूरी होने तक वैध रहेगा। जो भी अवधि पहले समाप्त होगी, उसी के आधार पर पासपोर्ट की वैधता तय होगी।
इसके अलावा, पासपोर्ट आवेदन शुल्क से जुड़े नियम 8 में भी संशोधन किया गया है। अब आवेदन की अलग-अलग श्रेणियों के लिए देय शुल्क पासपोर्ट नियमों की अनुसूची IV में निर्धारित दरों के अनुसार होगा।
बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को 10 फीसदी छूट
नए पासपोर्ट के आवेदन पर 8 साल से कम उम्र के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को 10 प्रतिशत की छूट मिलती रहेगी। हालांकि, यह छूट पासपोर्ट दोबारा जारी कराने के आवेदन पर लागू नहीं होगी।
सरकार ने 1 जुलाई से पासपोर्ट से जुड़ी कई सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की थी। इसमें नए पासपोर्ट, नवीनीकरण, तत्काल सेवा, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के बदले नया पासपोर्ट और पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) समेत अन्य सेवाएं शामिल हैं।
वयस्कों के पासपोर्ट का शुल्क भी बढ़ा
36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट के सामान्य आवेदन या नवीनीकरण का शुल्क 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 60 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट का शुल्क 2,000 रुपये से बढ़कर 3,500 रुपये हो गया है।
तत्काल सेवा के तहत 36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट का शुल्क 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये, जबकि 60 पन्नों वाले पासपोर्ट का शुल्क 4,000 रुपये से बढ़कर 6,000 रुपये कर दिया गया है।
नाबालिगों के लिए भी महंगी हुई पासपोर्ट सेवा
18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 36 पन्नों वाले नए या दोबारा जारी किए जाने वाले सामान्य पासपोर्ट का शुल्क 1,000 रुपये से बढ़कर 1,750 रुपये हो गया है।
वहीं, तत्काल श्रेणी में नाबालिगों के 36 पन्नों वाले नए या पुनः जारी पासपोर्ट का शुल्क 3,000 रुपये से बढ़ाकर 4,250 रुपये कर दिया गया है।
इस तरह नए नियमों के तहत एक ओर जहां 15 साल से कम उम्र के बच्चों के पासपोर्ट की वैधता को लेकर स्पष्ट प्रावधान किया गया है, वहीं दूसरी ओर पासपोर्ट से जुड़ी कई सेवाओं के शुल्क में भी संशोधन किया गया है।

