जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में विवाहिता निक्की भाटी की हत्या के मामले में अब हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक महिला की आवाज सुनाई देती है – “ओ बहन ये तूने क्या कर लिया, कोई किसी का ना है।” दावा किया जा रहा है कि यह निक्की की बहन कंचन की आवाज है। पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो को लेकर दो पक्षों के दावे
ग्रामीणों के अनुसार, निक्की पक्ष की ओर से अधूरा वीडियो पहले वायरल किया गया था। अब जो वीडियो सामने आया है, उसमें मारपीट का पुराना दृश्य और फिर आग लगने की घटना दिखाई गई है। कंचन की आवाज में वीडियो में बहन की बेबसी सामने आती है। वहीं, पुलिस का कहना है कि यह वीडियो दो घटनाओं को जोड़ने की कोशिश हो सकती है, जांच जारी है।
निक्की को जिंदा जलाने का आरोप, 35 लाख दहेज की मांग
निक्की की शादी 27 दिसंबर 2016 को विपिन भाटी से हुई थी। पीड़िता के पिता भिकारी सिंह ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले 35 लाख रुपये और एक बुलेट की मांग कर रहे थे। आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम को विपिन और सास दया ने मिलकर निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
दोनों बहनों के साथ होती थी मारपीट
निक्की की बड़ी बहन कंचन, जिसकी शादी विपिन के भाई से हुई है, ने बताया कि “विपिन और दया ने बहन को आग के हवाले किया। मैंने बचाने की कोशिश की, लेकिन मेरी भी पिटाई की गई।” कंचन ने आरोपियों का मारपीट और आग लगाते हुए वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार
पति विपिन भाटी – पहले ही जेल भेजा जा चुका है
सास दया
ससुर सतवीर भाटी (55 वर्ष)
जेठ रोहित भाटी (30 वर्ष)
तीनों को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
विपिन भाटी बोला – “पछतावा नहीं”
पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद पकड़े गए विपिन भाटी ने डाढ़ा अस्पताल में कहा “मुझे कोई पछतावा नहीं है। मैंने उसे नहीं मारा, वह खुद मर गई। पति-पत्नी में झगड़े आम बात है।” उसका यह ठंडा और संवेदनहीन रवैया समाज को झकझोर देने वाला है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान
महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने इस मामले को “निंदनीय और अमानवीय” बताया। आयोग ने उत्तर प्रदेश डीजीपी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आयोग की ओर से कहा गया “हमारे देश की बेटियों को बलि का बकरा बना दिया गया है। यह अस्वीकार्य है। आयोग पीड़ित परिवार के साथ है।”
आगे क्या?
पुलिस वीडियो क्लिप्स की फॉरेंसिक जांच करा रही है।
निक्की के परिवार से जल्द ही महिला आयोग की टीम संपर्क करेगी।
मामले में अतिरिक्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

