- अंबेडकर नगर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेशी
- अन्य मुकदमें होने के चलते अभी जेल में ही रहेगा कुख्यात
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: सोमवार को अंबेडकर नगर जेल में बंद कुख्यात बदमाश धमेर्द्रं किरठल निवासी गांव किरठल, जनपद बागपत को बंदी रक्षक गाड़ी में कैराना स्थित अपर जिला सत्र न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया। सबसे पहले पुलिस टीम सुरक्षा को लेकर कुख्यात को लेकर कोतवाली में पहुंची और पुलिस को पेशी के बारे में जानकारी दी। स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा के दृष्टिगत न्यायालय परिसर में मुस्तैद हो गई।
अंबेडकर नगर पुलिस के जवान बुलेट प्रूफ जैकेट और हेलमेट के साथ सुरक्षा घेरे में लेकर कुख्यात धर्मेंद्र किरठल को न्यायालय में लेकर पहुंचें। अधिवक्ता नदीम चौहान ने बताया कि 29 जुलाई 1991 में शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव लिलौन खेड़ी के नरेंद्र की हत्या हुई थी। इस चर्चित हत्याकांड में सोमवार को कुख्यात धर्मेंद्र किरठल के आरोपी होने के चलते न्यायालय में पेश किया गया। बताया जा रहा है कि इस मामले में अधिकतर गवाह पक्षद्रोह हो गए, जबकि कुछ गवाहों की मृत्यु हो चुकी है।
न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में कुख्यात धर्मेंद्र किरठल को दोषमुक्त करार दे दिया। हालांकि, वह अभी जेल में ही बंद रहेगा। कुख्यात के खिलाफ अन्य मुकदमे भी दर्ज बताए जा रहे हैं। बाद में अंबेडकर नगर पुलिस टीम कुख्यात को बंदी रक्षक गाड़ी में लेकर रवाना हो गई।

