जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पिछले दो दिनों से शामली शुगर मिल में चल रही तकनीकी खराबी के कारण शहर में जाम से लोग हलकान हो रहे हैं। जाम के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले भी रेंगते नजर आ रहे हैं। पैदल चलने वालों को रास्ता नहीं मिलने पर लोग ट्रैक्टर ट्राली के ऊपर या नीचे से होकर निकलने को मजबूर हैं।
शामली शुगर मिल में जब से पैराई शुरू हुई तभी से कई बार तकनीकि खराबी आ चुकी है। बुधवार की रात अचानक मिल में तकनीकि खराबी आ गई थी जिसके कारण रात से ही गन्ने के वाहनों की लाइनें लगनी शुरू हो गई थी। गुरुवार को मिल में सामान्य रूप से पैराई है लेकिन रात में एक बार फिर मिल में अचानक तकनीकी खराबी आ गई जिसके कारण मिल गेट से लेकर अग्रसेन पार्क तक गन्नों के वाहनों की लाइन लग गई।
हालांकि खराबी को ठीक कर लिया गया था। लेकिन इस दौरान गन्ने के वाहनों का आना जारी रहा। शुक्रवार को मिल गेट से लेकर अग्रसेन पार्क, हनुमान रोड तक गन्नों के वाहनों की लाइन लग गई। सिटी बिजलीघर, सुभाष चौक, भिक्की मोड तक गन्नों के वाहन खडे नजर आए, इसके अलावा कोतवाली गेट व अस्पताल रोड पर भी गन्नों के ट्रैक्टर ट्राली व बोगियां खड़ी रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पडा। पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिला, लोग टैक्टर ट्राली के नीचे से होकर निकले। वहीं इस मार्ग पर स्थित दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

