- औघड़नाथ और बिलेश्वर नाथ मंदिर में भोले का जलाभिषेक करने के लिए उमड़ी भीड़
- 40 से अधिक वालंटियर्स रहे सुरक्षा में मौजूद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भगवान शिव की अराधाना के लिए सबसे उत्तम सावन महीने का पहला सोमवार होता है। जिसके चलते भक्त भारी संख्या में शिव शंकर की अराधना करने के साथ ही उनका जलाभिषेक करते है। सावन के दूसरे सोमवार के चलते शहर के सभी शिवालयोें में भक्तोें का तांता लगा रहा। ऊं नम: शिवाय के जप के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।

लंबी लाइनों में खड़े होकर भक्तों ने भगवान औघड़नाथ के दर्शन का इंतजार किया। इस दौरान सभी शिवालयों में भक्तिमय वातावरण रहा। जलाभिषेक के लिए औघड़नाथ मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसके बीच श्रद्धालुओं ने औघड़दानी का जलाभिषेक किया।

दूसरे सोमवार की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। सुबह चार बजे से मंदिर में लाइन लगनी शुरू हो गई थी और सात बजे तक यह लाइन मंदिर के बाहर तक पहुंच गई। मंदिर परिसर में पुलिस के साथ ही सेना के जवान भी मौजूद रहे। लोगों पर सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी गई।

बता दें कि भक्ति के साथ शिवभक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया। मंदिर में अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर समिति की ओर से अलग-अलग लाइनें लगवाई गई थी। मंदिर में 22 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, जिनसे पूरे मंदिर परिसर की सुरक्षा की जा रही है। इतना ही नहीं मंदिर समिति के 40 वालंटियर्स मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए है।

मंदिर के के मुख्य पुजारी श्रीधर त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भक्तों में काफी उत्साह है। सुबह चार बजे से ही बाबा के दरबार में भक्तों का आना शुरु हो गया था और 4:30 बजे की आरती के बाद से मंदिर परिसर में बम-बम भोले के जयकारे गूंजने लगे।

