- डीएम ने शुचिता पूर्ण परीक्षा के लिए दिए दिशा निर्देश, जनपद में 13 केंद्रों पर 26874 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में जनपद शामली में आगामी 15 एवं 16 अक्टूबर को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा आयोग की पीईटी परीक्षा की तैयारियों को लेकर केंद्र अधीक्षक और केंद्र प्रभारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विजय सिंह पथिक पीजी कालेज के सहायक प्राध्यापक एवं पीईटी परीक्षा के जिला प्रबंधक डा. अजय बाबू शर्मा ने पीईटी परीक्षा संचालन का पावर पाइंट के माध्यम से गहन प्रशिक्षण दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने समस्त केंद्र प्रभारियों को पर्याप्त कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाकर ट्रेनिंग 14 अक्टूबर तक करा लेने के निर्देश दिए। डीआईओएस ने बताया कि पीईटी परीक्षा जनपद में 13 परीक्षा केंद्रों पर दो दिन में चार पॉलियों में होगी। इस दौरान 26,874 परीक्षार्थी सीसी टीवी की कड़ी निगरानी में परीक्षा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद में आगामी 15-16 अक्टूबर को दो पालियों में पीईटी परीक्षा प्रात: 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक प्रथम पाली तथा अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक द्वितीय पाली में संपन्न होगी। प्रत्येक पॉली में 6696 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। केंद्र पर मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशिक्षण में 13 केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रभारी, केंद्र अध्यक्ष, रूट मैनेजर, ट्रांसपर्ट मैनेजर एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

