- सहारनपुर से कैराना पहुंची बम डिस्पोजल टीम , दो भाइयों पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम में मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: पुलिस अवैध पटाखा फैक्टी से बरामद बारूद, फुलझड़ी को सहारनपुर से पहुंची बम डिस्पोजल टीम ने नष्ट कर दिया है। मंगलवार की शाम कोतवाली प्रभारी पीके त्यागी को गांव बधुपुरा व गाजीपुर के जंगल में एक फैक्ट्री के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने की सूचना मिली। जिसके बाद कोतवाली प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ उक्त फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस के आने से पहले आरोपी फैक्ट्री के गेट का ताला लगाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने फैक्ट्री का ताला तोड़कर जांच की तो फैक्ट्री के अंदर से करीब 50 किलोग्राम पटाखे बनाने का काला व सफेद पाउडर, 60 किग्रा चिलकना पाउडर व 1 लाख 51 हजार 168 बनी हुई फुलझड़ी एवं भारी मात्रा में खाली रैपर बरामद किए। पुलिस ने पटाखे बनाने का बारूद व फुलझड़ी को जब्त कर कब्जे में लेकर फैक्ट्री को सील कर दिया था।
बुधवार सुबह सहारनपुर से बम डिस्पोजल टीम के प्रभारी एसआई उदयवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम कोतवाली पहुंची।
जहां पर टीम ने बरामद बारूद व पटाखों की जांच की। बम डिस्पोजल टीम प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि बरामद बारूद व पटाखों को यमुना ब्रिज स्थित सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नष्ट कर दिया गया हैं।

