- शूटरों को मिले पांच लाख आरती के बैंक से नहीं निकले
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के डीन प्रो. राजवीर सिंह पर जानलेवा हमला करवाने की आरोपी महिला प्रो. आरती भटेले को गिरफ्तार करने के लिये पुलिस को अदालत से वारंट नहीं मिला है। पुलिस की एक टीम मध्य प्रदेश के छतरपुर गई हुई है, जो अभी तक नहीं लौटी है। वहीं पुलिस को पता चला है कि प्रो. राजवीर पर जानलेवा हमला करने के लिये शूटरों को पांच लाख रुपये आरती ने नहीं बल्कि अनिल बालियान ने दिये थे।
प्रो. राजवीर सिंह पर विवि के गेट पर उस वक्त जानलेवा हमला किया गया था जब वो कार से घर के लिये निकले थे। पुलिस ने इस मामले में आरती भटेले के प्रेमी और प्रॉपर्टी डीलर अनिल बालियान, शूटर आशु चढ्ढा समेत तीन लोगों को जेल भेजा था। अभी तक दूसरा शूटर नदीम और आरोपी आरती भटेले फरार चल रही है।
विवि में डीन के पद को लेकर आरती ने अपने प्रेमी अनिल बालियान के साथ मिल कर खूनी खेल खेला था। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि आरती की गिरफ्तारी के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। अदालत से वारंट के लिये आवेदन किया गया था, लेकिन अदालत से वारंट नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि शूटरों को पैसा अनिल बालियान ने दिया था। इसमें आरती के बैंक एकाउंट का प्रयोग नहीं किया गया है। वहीं आरती को पकड़ने के लिये पुलिस की टीम मध्य प्रदेश के छतरपुर गई हुई है और घर में आरती नहीं मिली है। पुलिस फिलहाल वहीं रुकी हुई है।

