- नियमों के उल्लंघन पर चालकों के विरूद्ध हो रही कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: लगातार सड़कों पर हो रहे हादसों पर लगाम लगाने के लिए जहां शासन प्रशासन लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रहा है। वहीं तेज स्पीड एवं वाहन चलाते समय लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों को नियमों का सबक सिखाने को यातायात पुलिस पाठ पढ़ा रही है। नियमों के उल्लंघन पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है। लेकिन वाहन चालकों में जागरूकता नजर नहीं आ रही है। वाहन चालकों में जागरूकता पैदा करने के लिए अभिभावकों का भी सहयोग जरूरी है।
सड़कों पर लगातार हो रहे हादसों में लगातार युवाओं की मौत का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। शासन प्रशासन भले ही यातायात नियमों का पालन कराने हेतु एडी से चोटी तक का जोर लगा रहा है। लेकिन युवाओं को अपनी जीवन सुरक्षा की कोई परवाह नहीं है केवल चेकिंग में पुलिस से बचने का खौफ है। अभिभावक शासन प्रशासन का सहयोग आवश्यक है क्योकि ज्यादातर युवा घर से जब बाइक पर निकलते हैं तो वह बिना हेलमेट ही निकलते है। यही कारण आज के समय में हो रहे सड़क हादसों में ज्यादा तर युवा ही अपनी जान गंवा रहे हैं।

