- जिला पंचायत सदस्य पद के लिये कलक्ट्रेट में दाखिल होंगे नामांकन
- चार जगहों पर की गई व्यवस्था, बैरिकेडिंग की
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी आज सुबह आठ बजे से कलक्ट्रेट में नामांकन करा सकेंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान पदों के प्रत्याशी ब्लॉक कार्यालयों में ही नामांकन करा सकेंगे। जिला प्रशासन की ओर से नामांकन पत्र जमा कराने को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। कलक्ट्रेट में इसके लिये चार जगहों पर व्यवस्था की गई है।
बता दें कि मेरठ में तीसरे चरण में 26 अप्रैल को चुनाव है। आज से नामांकन कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। 13 अप्रैल से शुरू होकर नामांकन पत्र जमा कराने की प्रक्रिया 15 अप्रैल तक चलेगी। बता दें कि जिला पंचायत सदस्य पद के लिये 33 वार्ड हैं। इन सभी वार्डों के प्रत्याशी कलेक्ट्रेट में नामांकन करा सकेंगे।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायलय में वार्ड 1 से 5 और 27 से 29 के नामांकन होंगे। इसकी जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रपाल सिंह को सौंपी गई है। उन्हें सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन के न्यायालय में वार्ड-23 से 26 और 30 से 33 के नामांकन पत्र जमा होंगे। यहां उप श्रमायुक्त दीप्तिमान भट्ट को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक के यहां वार्ड 14 से 22 तक के नामांकन होंगे यहां सहायक निर्वाचन अधिकारी लोक निर्माण विभाग के अरविंद कुमार को बनाया गया है।
इसके अलावा न्यायालय उपजिलाधिकारी सदर के यहां वार्ड-6 से 13 के लिये नामांकन पत्र जमा होंगे। यहां पर उप निदेशक मत्स्य अनिल कुमार को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। नामांकन प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी जो शाम पांच बजे तक चलेगी।
इसके बाद आये सभी नामांकन पत्रों की डिटेल जहां नामांकन पत्र जमा हो रहे हैं वहां चस्पा कर दी जाएगी। नामांकन की पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी न्यायालयों के बार बैरिकेडिंग कर दी गई है। इस दौरान कोविड के नियमों का भी पालन किया जाएगा।
ग्राम प्रधानों के नामांकन ब्लॉक कार्यालयों में होंगे
ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामांकन संबंधित ब्लॉको में होंगे। सभी ब्लॉक कार्यालयों में नामांकन पत्र जमा करने की व्यवस्था की गई है। यहां संबंधित आरओ और एआरओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामांकन की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। इसके लिये पूरी तैयारी कर ली गई है। नामांकन की प्रक्रिया तीनों दिन शाम पांच बजे तक चलेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।
पंचायत चुनावों के लिये शुरू हुआ इमरजेंसी कंट्रोल रूम
डीएम के. बालाजी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2021 को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कलक्ट्रेट में इमरजेंसी आपरेशन सेंटर का आरंभ 03 अप्रैल 2021 से कर दिया गया है। इमरजेंसी कंट्रोल रूम पंचायत चुनाव-2021 का संपर्क नंबर 0121-2664134 है। इस पर पंचायत चुनाव से संबंधित आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जा रहा है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्य करेंगा।
कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी के रूप में जिला समाज कल्याण अधिकारी मौ. मुश्ताक को नामित किया गया है उनका मोबाइल नंबर 7534070009 है। इस कंट्रोल रूम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। जिसमें सुबह 8 बजे से सांय 4 बजे तक नवीन जैन, कनिष्ठ सहायक नागरिक सुरक्षा और शोभा राम संग्रह सेवक संबंध कार्यालय कलक्ट्रेट सांय 4 बजे से रात्रि 12.00 बजे तक प्रवीन कुमार कनिष्ठ सहायक नागरिक सुरक्षा और सागर अब्बास चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कार्य करेंगे, रात्रि 12 बजे से सुबह आठ बजे तक अशोक कुमार पाल कनिष्ठ सहायक नागरिक सुरक्षा और मनोज कुमार कर्मचारी नागरिक सुरक्षा मेरठ लगाये गये है।
जिला पंचायत सदस्य पद के बिके 61 नामांकन पत्र
नामांकन पत्रों की बिक्री जारी है। सोमवार को भी जिला पंचायती कार्यालय में जिला पंचायत सदस्य पद के 61 नामांकन पत्र बिके। उधर ब्लॉक कार्यालयों में भी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्य पद के नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। जिला पंचायत संदस्य पद के नामांकन पत्र भी खरीदे गये।
सोमवार को जिला पंचायती कार्यालय में जिला पंचायत सदस्य पद के 61 नामांकन पत्र बिके। अनारक्षित वर्ग के लोगों ने 14 नामांकन पत्र खरीदे व आरक्षित वर्ग के 47 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। इसके अलावा ब्लॉक कार्यालयों में भी नामांकन पत्र खरीदे जाने की प्रक्रिया जारी रही। यहां काफी संख्या में ग्राम प्रधान पद के नामांकन पत्र खरीदे गये।
जमानत राशि जमा करने वालों की रही भीड़
नामांकन पत्र जमा होने की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। संभावित प्रत्याशी सोमवार को भी बैंकों में निर्धारित जमानत राशि जमा कराने के लिये पहुंचे। राशि जमा कराने के लिये कैंट छावनी स्थित स्टेट बैंक की शाखा में पांच से अधिक काउंटर बनाये गये हैं। यहां कोविड नियमों को ध्यान में रखकर ही जमानत राशि जमा कराने की प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। पहले टोकन दिया जाता है तब जमानत राशि जमा कराई जाती है।
कैमरों की निगरानी में होंगे 139 मतदान केन्द्र
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। छोटी-छोटी चीज पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। इस बार 139 बूथों पर कैमरों से भी नजर रखी जा सकती है। इसके लिये इंटर कालेजों में लगे कैमरों की प्रतिदिन टैस्टिंग की जा रही है जिससे मतदान के दौरान होने वाली पल पल की हलचल पर प्रशासन की नजर रह सके। अगर टैस्टिंग सफल रही तो सभी कैमरों की निगरानी में इन बूथों पर चुनाव होंगे।
बता दे कि मेरठ में 26 अप्रैल को मतदान होना है। इसको लेकर सारी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकि है। जिला प्रशासन की ओर से बूथ लेवल की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकि हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथ भी चिन्हित किये जा चुके हैं। नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। आज से नामांकन पत्र भी जमा होने शुरू हो जाएंगे। चुनावों को सकुशल संपन्न कराने के लिये प्रशासन की ओर से भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की ट्रेनिंग भी हो चुकि है। अब बस इंतजार है तो सिर्फ 26 अप्रैल जिस दिन मतदान होना है। प्रशासन की ओर से इस बार एक ओर प्रयास किया जा रहा है कि जिन बूथों पर कैमरे लगें हैं उन बूथों की निगरानी की जा सके।
जीआईसी में है कंट्रोल रूम
बता दे कि निर्वाचन कार्यालय की ओर से 864 मतदान केन्द्र और 2351 मतदान बूथ बनाये गये हैं। इनमें से सहाकारी समिति, मंडी समिति, प्राथमिक विद्यालय, इंटर कालेजों, पंचायती कार्यालयों को मतदान केन्द्र बनाया गया है। इन सभी केन्द्रों में इंटर कालेजों में बने 139 मतदान केन्द्र ऐसे हैं जिनमें सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से संबद्ध डा. मेघराज ने बताया कि इन सभी मतदान केन्द्रों जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, उनकी टैस्टिंग कराई जा रही है। अगर प्रयास सफल रहा तो सभी मतदान केन्द्रों पर भी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जा सकेगी। इसके लिये कोशिश की जा रही है। प्रतिदिन इनकी टैस्टिंग भी कराई जा रही है। जिलाधिकारी के. बालाजी को भी इस संबंध में जानकारी दी गई है और उनके निर्देशन में ही टैस्टिंग कराई जा रही है।
12 हजार कर्मचारियों की ट्रेनिंग समाप्त
चुनावी ड्यूटी के लगने वाले कर्मचारियों की ट्रेनिंग सोमवार को समाप्त हो गई। अब बस कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी का इंतजार है। उधर जिन कर्मचारियों ने ट्रेनिंग नहीं की उनके खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि नो अप्रैल को शुरू हुई कर्मचारियों की ट्रेनिंग सोमवार को समाप्त हो गई। अब 22 अप्रैल को कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी से संबंधित दिशा-निर्देश दिये जाएंगे। बता दें कि 26 अप्रैल को चुनाव होना है। इसके लिये 2351 मतदान बूथ हैं इन बूथों पर 12 हजार कर्मचारी चुनावी ड्यूटी करेंगे। जिनकी ट्रेनिंग 9 अप्रैल को शुरू हो गई थी। सोमवार को सभी कर्मचारियों की ट्रेनिंग समाप्त हो गई। उधर जो कर्मचारी चुनावी ड्यूटी के दौरान गैर हाजिर रहे उनके खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
महिला कर्मचारियों के मोबाइल पर पहुंचेगी बूथ की लोकेशन
चुनावी ड्यूटी में लगी महिला कर्मचारियों को इस बार उनके मतदान स्थल तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। सभी बूथों की लोकेशन गूगल मैप पर मिल जाएगी। निर्वाचन की कार्यालय की ओर से बूथों की लोकेशन का लिंक महिला कर्मचारियों को मोबाइल पर डाला जाएगा। जिससे उन्हें मतदान स्थल पर पहुंचने में आसानी होगी।
बता दें कि जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से चुनाव को सकुशल निपटाने के लिये संपूर्ण प्रयास किये जा रहे हैं। इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि प्रत्याशी से लेकर चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कोविड को ध्यान में रखकर भी कार्य किया जा रहा है। कोविड के सभी नियमों का पालन करते हुए चुनावी प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। बता दें कि चुनावी टेÑनिंग समाप्त हो चुकि है। अब बस मतदान के दिन का इंतजार है। निर्वाचन कार्यालय की ओर से इस बार महिला कर्मचारियों की परेशानी को ध्यान में रखकर बूथों की आॅनलाइन लोकेशन गूगल मैप पर डाली गई है जिससे उन्हें परेशान न होना पड़ेगा।
मोबाइल पर डलेगी लोकेशन
निर्वाचन कार्यालय से संबद्ध डा. मेघराज ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के प्रयास किये जा रहे हैं। महिला कर्मचारियों की ड्यूटी में कोई परेशानी न हो इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है। मतदान स्थलों की लोकेशन गूगल मैप पर मिल जाएगी। सभी महिला कर्मचारियों के मोबाइल पर उनकी ड्यूटी के स्थान मतदान स्थल की लोकेशन उनके मोबाइल पर भेजी जाएगी।
जिसका सहारा लेकर वह आसानी से मतदान स्थल का पता लगा सकेंगी। उन्हें तय स्थल को ढूंढन के लिये परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसे लेकर पूरी तैयारी की जा चुकि है। ड्यूटी से एक दिन पहले ही लोकेशन सभी के मोबाइल पर भेज दी जाएगी।

