- चुनाव में शराब बांटने वाले प्रत्याशियों को भेजे जेल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कमिश्नर द्वारा सोमवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आबकारी विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से कमिश्नर नाखुश दिखे और कहा कि फर्जी रिपोर्टिंग से काम नहीं चलेगा और पंचायत चुनाव में शराब पिलाने वाले प्रत्याशियों को जेल भेजा जाए।
बैठक में उपस्थित उप आबकारी आयुक्त, मेरठ प्रभार, मेरठ द्वारा अवगत कराया गया कि माह अप्रैल 2021 में 11 अप्रैल तक मंडल में कुल 81 अभियोग पंजीकृत किए गए, जिसमें 6382 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई तथा 25 वाहन पकड़े गए। इन अभियोगों में 72 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर किया गया, जिनमें से 41 को जेल भेजा गया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 के दृष्टिगत मंडल स्तर पर बागपत में निवाड़ा और गौरीपुर, गाजियाबाद में दुहाई और डासना, गौतमबुद्धनगर में सिरसा और दादरी इस प्रकार कुल 5 अंतरिम चेकपोस्ट बनाए गए हैं। कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह द्वारा निर्देश दिए गए कि जनपदों में अवैध शराब की बरामदगी पर्याप्त नहीं है।
विगत वर्ष माह मार्च में जहां मंडल में 44,573 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई थी, वहीं इस वर्ष 17,950 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जो गत वर्ष के साथ काफी कम है। इसमें जनपद बुलंदशहर, बागपत और गौतमबुधनगर की प्रगति अपेक्षा अनुसार काफी कम है।
हालांकि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की संख्या गत वर्ष के सापेक्ष अधिक है, किंतु माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। वर्तमान में जारी पंचायत निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब बांटने की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।
इसके लिए जिन दुकानों पर बल्क में खरीदारी की गई है उसकी सूची आबकारी विभाग प्रशासन को उपलब्ध कराएं। सूची के आधार पर प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर जांच की जाए और यदि प्रत्याशियों द्वारा शराब बांटी गई है, तो उनके विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए। इसके अतिरिक्त निर्देश दिए कि विभाग द्वारा मारे गए छापों की संख्या सही नहीं है किसी भी दशा में फर्जी रिपोर्टिंग ना की जाए।
अवैध शराब कारोबार में लिप्त माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। विभाग की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। अवैध शराब में जेल जा चुके अपराधियों के विरुद्ध भी छापेमारी की कार्रवाई की जाए। निर्देश दिए कि 15 दिन बाद फिर बैठक की जाएगी, स्थिति में सुधार न होने पर विभागीय अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।
नकली शराब के आरोपियों को आजीवन कारावास
न्यायालय अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश पोक्सो ऐक्ट मेरठ स्नेहलता सिंह ने नकली शराब बनाने के आरोपी पप्पू पुत्र ब्रह्मानंद व नाटू पुत्र मानिक सना निवासी हस्तिनापुर को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास व 20-20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
सरकारी वकील पराग सक्सेना ने बताया कि वादी मुकदमा एसएसआई थाना हस्तिनापुर देवेंद्र सिंह यादव ने चार जुलाई 2014 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पुलिस बल के साथ घटना के दिन थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में गश्त पर थे इसी बीच मुखबिर खास से सूचना मिली कि आरोपी नाटू के घर के आगे शहतूत के बाग के नीचे नकली शराब बना रहे हैं।
जिस पर वादी ने मौके पर छापा मारा तो देखा कि दोनों आरोपी मोके पर नकली शराब बना रहे थे वादी ने मय पुलिसबल दोनों आरोपियों को घेर लिया और दोनों आरोपियों को मौके से सामान के साथ पकड़ लिया। न्यायालय में सरकारी वकील ने वादी सहित चार गवाह पेश। न्यायालय ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्य व गवाहों के बयानों के आधार पर दोनों आरोपियों को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास व 20-20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
पंचायत चुनाव में बांटा जाने वाला शराब का जखीरा पकड़ा
पुलिस प्रशासन की लाख पाबंदियों के बाद भी जिले में चल रहे त्रिस्तरीय चुनाव में अवैध शराब जमकर बांटी जा रही है। हालांकि एडीजी कई बार पुलिस अधिकारियों को निर्देश दें चुके है कि जिनके क्षेत्रों में शराब सप्लाई होने की जानकारी मिलेगी उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएंगी।
इसी के मद्देनजर परतापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कताई मिल के पास से एक गोदाम में रखा अवैध शराब का जखीरा पकड़ा है। हालांकि पुलिस अब शराब तस्कर की तलाश में जुटी है। थाना परतापुर इंस्पेक्टर नजीर अली ने बताया कि पंचायत चुनाव में शराब बांटने के लिए क्षेत्र में भारी मात्रा में शराब मंगाई गई है। जानकारी होने पर उन्होंने अवैध शराब का जखीरा पकड़ने के लिए पुलिस टीम का गठन किया।
जिसके चलते पुलिस टीम ने कताई मिल के पास एक गोदाम में छापेमारी की। जहां से अवैध शराब की 60 पेटी बरामद हुई है। हालांकि शराब तस्कर व गोदाम मालिक का अभी तक पता नहीं लग सका है। जिनकी धरपकड़ के लिए दबिशें दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गोदाम मालिक व शराब तस्कर का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा और उन्होंने गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

