- पुलिस ने की खानापूर्ति, पहले कहा कोठी खाली करो फिर लगाई सील
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: अलफहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में गैर कानूनी तरीके से मीट पैकेजिंग के मामले में पुलिस और प्रशासन ने पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी पर फंदा और ज्यादा कस दिया है। गुरुवार को जहां याकूब की पत्नी की नौ करोड़ की संपत्ति सील की गई थी, वहीं शुक्रवार को याकूब के शहर में स्थित कोठी समेत तेरह संपत्ति सील की गई।
एसपी देहात अनिरुद्ध सिंह, सीओ किठौर रुपाली राय और सीओ कोतवाली अमित राय समेत भारी मात्रा में फोर्स ने याकूब कुरैशी के सराय बहलीम स्थित आवास को घेर लिया।
इससे हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। इससे पहले एनाउंसमेंट कराया गया और ढोल नगाड़े बजाकर मुनादी की गई। अधिकारियों ने याकूब के बेटे इमरान कुरैशी और फिरोज कुरैशी से कहा कि कोठी खाली कर दीजिये क्योंकि डीएम के आदेश पर सील लगनी है। कोठी खाली होने पर सीलिंग की कार्यवाही की गई और कुर्की का बोर्ड लगा दिया गया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि आज याकूब कुरैशी की 11.5 करोड़ की संपत्ति सील की गई है।

सीओ कोतवाली के नेतृत्व में खरखौदा, मुंडाली और किठौर थाने की पुलिस कार्यवाही कर रही है। गुरुवार को पुलिस ने पूर्व मंत्री की पत्नी के नाम मेरठ हापुड़ मार्ग पर स्थित करोड़ों रुपए की संपत्ति कुर्क की थी। कोर्ट के आदेश पर पूर्व मंत्री व उसके परिवार की करीब 31 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने के आदेश हाल ही में पारित किए थे। जिसमें 5 सदस्य कमेटी बनाकर सीओ किठौर को प्रशासक नियुक्त किया गया।
गुरुवार सीओ किठौर रुपाली राय की उपस्थिति में पुलिस ने पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की पत्नी संजीदा बेगम के नाम मेरठ हापुड़ मार्ग पर शाकरपुर स्थित खसरा नंबर 138 रकबा 0.6410 हेक्टेयर कीमत करीब 9 करोड़ की जमीन कुर्क कर ली गई । सीओ किठौर ने बताया कि हाजी याकूब कुरैशी की संपत्ति गांव छातरपुर खरखौदा में दो खेत है उनको कुर्क किया जा रहा है। ये दोनों खेत संजीदा बेगम के नाम पर हैं उनको कुर्क किया जा रहा है। इन खेतों का अनुमानित मूल्य लगभग 9 करोड़ है।

