- नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को बैठक
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 के लिए सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट, आरओ, एआरओ, एफएसटी, एसएसटी का शीघ्र प्रशिक्षण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2022 के संबंध में प्रभारी/ सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नगर निकाय सामान्य निर्वाचन को लेकर आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही, मतदान कार्मिकों, बूथों की स्थिति, वाहन व्यवस्था, रूट चार्ट एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में दायित्वों को विस्तार से बताया। जिलाधिकारी द्वारा अब तक किए गए कार्यों के समीक्षा करते हुए चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने हेतु आवश्यक तैयारी को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट, आरओ, एआरओ, एफएसटी, एसएसटी आदि का शीघ्र प्रशिक्षण कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कभी भी आचार संहिता लग सकती है। इसलिए नगर निकाय चुनाव को संपन्न करने के लिए जिसको जो दायित्व सौंपा गया है वह उसके अनुसार आयोग के निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करके करवाई सुनिश्चित कर लें ताकि व्यवस्था दुरुस्त रहें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी, एसडीएम सदर विशु राजा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अश्वनी कुमार शर्मा के अलावा समस्त संबंधित मौजूद रहे।

