जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कृषि कानूनों के विरोध में बीते कुछ दिन से पंजाब में जियो के मोबाइल टावरों को निशाना बनाया जा रहा था। अब रिलायंस जियो इन्फोकॉम ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता को चिट्ठी लिखकर शिकायत जताते हुए इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पंजाब में किसानों द्वारा जियो के मोबाइल टावरों में तोड़फोड़ के कारण करीब डेढ़ करोड़ उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की चेतावनी के बाद राज्य पुलिस हरकत में आई और टावरों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही राज्य में संबंधित कंपनी के कर्मचारियों को अपनी देखरेख में मोबाइल टावरों को जल्द ठीक करवाने में सहयोग दे रही है।
ट्राई के अनुसार पंजाब में मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले 3.9 करोड़ लोग हैं और रिलायंस जियो के हिसाब से करीब डेढ़ करोड़ लोग उनकी सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी ने कहा है कि सूबे में 1561 मोबाइल टावरों की सेवा में बाधा आई हैं, जिनमें से 440 टावरों की मरम्मत की जा चुकी है। पंजाब के सभी 22 जिलों में कुल 21306 मोबाइल टावर हैं।
मुख्यमंत्री ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए राज्य पुलिस को निर्देश दिए थे कि मोबाइल टावरों में तोड़फोड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। हालांकि राज्य पुलिस द्वारा इस मामले में एक भी एफआईआर दर्ज नहीं की है। वहीं मंगलवार को राज्य पुलिस ने टावरों पर संचार सेवा बहाल कराने पर ज्यादा ज़ोर दिया।

